Monday , March 30 2026

स्वास्थ्य सेवा प्रणाली की रीढ़ है नर्सिंग स्टाफ : योगी आदित्यनाथ

-डॉ राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में नवनियुक्त नर्सिंग अधिकारियों को सौंपे नियुक्ति पत्र

-देशभर से प्राप्त 47,000 आवेदनों में से 665 नर्सिंग अधिकारियों का किया गया है चयन 

सेहत टाइम्स
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि पारदर्शी प्रक्रिया और मेरिट आधारित व्यवस्था के अंतर्गत विगत 9 वर्षों में प्रदेश में 9 लाख युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं। युवाओं का चयन पूरी पारदर्शिता और आरक्षण के नियमों के अनुरूप सुनिश्चित किया गया है। 29 मार्च को  डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान लखनऊ में नवनियुक्त नर्सिंग अधिकारियों को नियुक्ति पत्र वितरित करते हुए उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम एक पारदर्शी एवं मेरिट आधारित चयन प्रक्रिया के सफल समापन का प्रतीक है, जिसमें देशभर से प्राप्त लगभग 47,000 आवेदनों में से 665 नर्सिंग अधिकारियों का चयन किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सेवा में संवेदनशीलता और समर्पण आवश्यक है। नवनियुक्त नर्सिंग अधिकारियों को बधाई देते हुए आह्वान किया कि वे ईमानदारी और पूर्ण समर्पण के साथ सेवा, रोगियों के प्रति संवेदनशीलता और सहानुभूति और व्यावसायिक दक्षता और अनुशासन के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें।
उन्होंने कहा कि नर्सिंग स्टाफ स्वास्थ्य सेवा प्रणाली की रीढ़ है और उनके व्यवहार से ही मरीजों का विश्वास और उपचार की गुणवत्ता निर्धारित होती है। मुख्यमंत्री ने आरएमएलआईएमएस की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि संस्थान ने अल्प समय में उल्लेखनीय प्रगति की है। यहां 250 से अधिक रोबोटिक सर्जरी सफलतापूर्वक की जा चुकी हैं। 250 से अधिक किडनी ट्रांसप्लांट किए जा चुके हैं। आरएमएलआईएमएस जल्द ही गामा नाइफ तकनीक से सुसज्जित होने वाला प्रदेश का अग्रणी संस्थान बनेगा। उन्होंने संस्थान की उन्नत चिकित्सा सेवाओं, नवाचार और रोगी-केंद्रित दृष्टिकोण की सराहना की।
समारोह में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नर्सिंग अधिकारियों की यह नियुक्ति रोगी देखभाल सेवाओं को और मजबूत बनाएगी। प्रदेश सरकार स्वास्थ्य संस्थानों को आधुनिक तकनीक और दक्ष मानव संसाधन से सुसज्जित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि आरएमएलआईएमएस आज एक मॉडल संस्थान के रूप में उभर रहा है, उन्होंने संस्थान की प्रगति की सराहना करते हुए भविष्य में और सहयोग का आश्वासन दिया।
समारोह में मौजूद राज्य मंत्री (चिकित्सा शिक्षा एवं स्वास्थ्य) मयंकेश्वर शरण सिंह ने नर्सिंग ऑफीसर की इस चयन प्रक्रिया को सुशासन और पारदर्शिता का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। देशभर में आयोजित परीक्षा प्रक्रिया इसकी निष्पक्षता और विश्वसनीयता को सिद्ध करती है। उन्होंने कहा कि यह भर्ती प्रक्रिया सरकार की रोजगार सृजन और स्वास्थ्य सेवा सुदृढ़ीकरण की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि मुझे विश्वास है कि युवा नर्सिंग अधिकारी भविष्य में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे।
संस्थान के निदेशक डॉ सीएम सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि यह कार्यक्रम केवल नियुक्ति पत्र वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की सामूहिक प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि रोगी-केंद्रित दृष्टिकोण, उच्च गुणवत्ता वाले उपचार प्रोटोकॉल तथा क्लिनिकल अनुशासन और त्वरित सेवा संस्थान की कार्यप्रणाली के प्रमुख आधार हैं। उन्होंने यह भी बताया कि संस्थान निरंतर प्रयासरत है कि मरीजों को समय पर और बेहतर उपचार मिले, सेवाओं की गुणवत्ता बनी रहे तथा प्रत्येक मरीज को सम्मानजनक और संवेदनशील सेवा प्राप्त हो।