-नव संवत्सर के स्वागत में इस वर्ष भी दो दिवसीय समारोह आयोजित कर रही नववर्ष चेतना समिति

सेहत टाइम्स
लखनऊ। नववर्ष चेतना समिति पूर्व वर्षों की भांति इस वर्ष भी भारतीय नववर्ष विक्रम संवत 2083 (आगामी 19 मार्च को) का स्वागत दो दिवसीय समारोह से करेगी। समिति की मुख्य संरक्षिका रेखा त्रिपाठी के मार्गदर्शन में आयोजित समारोह में अन्य कार्यक्रमों के अतिरिक्त प्रत्येक वर्ष आयोजित किये जाने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शृंखला में इस वर्ष वंदेमातरम् के 150 वर्ष पूरे होने के विषय पर नाट्य कला के माध्यम से कार्यक्रम की रंगारंग प्रस्तुति देश-विदेश में प्रसिद्धि पा चुके बाबा सत्यनारायण मौर्य अपनी टीम के साथ करेंगे।
यह जानकारी देते हुए समिति के अध्यक्ष डॉ गिरीश गुप्ता व सचिव डॉ सुनील अग्रवाल ने बताया कि नववर्ष चेतना समिति, डॉ. बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय एवं श्री श्याम परिवार, लखनऊ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित समारोह का उद्घाटन चैत्र शुक्ल प्रतिपदा विक्रम संवत 2083 (गुरुवार 19 मार्च, 2026) को होगा तथा अगले दिन चैत्र शुक्ल द्वितीया, विक्रम संवत 2083 (शुक्रवार 20 मार्च, 2026) को समापन होगा। ज्ञात हो भारतीय कालगणना प्रणाली तथा विक्रम संवत आधारित पंचांग के महत्व को सामान्य जन तक पहुंचाने और भारतीय संस्कृति की जड़ों को सुदृढ़ करने के लिए पूर्व महापौर पद्मश्री डॉ एससी राय की पहल पर 2009 में नववर्ष चेतना समिति का गठन किया गया था।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय गीत वन्दे मातरम् (1932-2082 विक्रमी/1875-2025 ई) के डेढ़ सौ वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारत सरकार नवम्बर 2025 नवम्बर 2026 तक पर राष्ट्रव्यापी जश्न मना रही है। ऐसे में नववर्ष चेतना समिति के लिए भी यह वर्ष विशिष्ट एवं ऐतिहासिक है, इसीलिए समिति की वार्षिक पत्रिका नव चैतन्य के इस वर्ष के अंक को चिरस्मरणीय बनाने के लिए वंदे मातरम् सार्धशती विशेषांक के रूप में प्रकाशित किया जा रहा है। नवसंवत्सर समारोह के प्रथम दिन पत्रिका के इस विशेषांक का लोकार्पण किया जायेगा। नववर्ष की पूर्व संध्या पर 18 मार्च को गोमती में दीपदान कार्यक्रम भी किया जायेगा।
उन्होंने बताया कि समारोह के प्रथम दिन के कार्यक्रम का आयोजन बाबासाहेब डॉ भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय रायबरेली रोड, लखनऊ के अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में किया जायेगा, इस समारोह में महामंडलेश्वर गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानन्द जी महाराज को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है। कार्यक्रम की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह करेंगे, तथा मुख्य वक्ता के तौर पर राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री, भारतीय इतिहास संकलन योजना संजयजी, विशिष्ट अतिथियों के रूप में विधान परिषद सदस्य पवन सिंह चौहान और बाबासाहेब डॉ भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय के कुलपति आचार्य राजकुमार मित्तल को आमंत्रित किया गया है। कार्यक्रम के स्वागताध्यक्ष की जिम्मेदारी नववर्ष चेतना समिति के उपाध्यक्ष सुधीर एस हलवासिया निभायेंगे।
अध्यक्ष और सचिव ने बताया कि दूसरे दिन का कार्यक्रम चैत्र शुक्ल द्वितीया, विक्रम संवत् 2083 (शुक्रवार, 20 मार्च, 2026) श्री खाटू श्याम मंदिर प्रांगण, बीरबल साहनी मार्ग, हनुमान सेतु मंदिर के पीछे लखनऊ में सम्पन्न होगा। इस दिन के कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधान परिषद सदस्य अंगद सिंह होंगे तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता चेयरमैन व्यापार मंडल लखनऊ एवं संरक्षक नववर्ष चेतना समिति राजेन्द्र अग्रवाल करेंगे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में राज्य ललित कला अकादमी उत्तर प्रदेश के उपाध्यक्ष गिरीश चन्द्र मिश्रा एवं संस्कार भारती अवध प्रांत की कार्यकारिणी सदस्य शिवा सिंह आमंत्रित किया गया है। दूसरे दिन के कार्यक्रम मुख्य आकर्षण बाबा सत्यनारायण मौर्य एवं उनकी टीम द्वारा रंगारंग नाटिका के माध्यम से वंदेमातरम पर आधारित विशेष प्रस्तुति होगी।

Sehat Times | सेहत टाइम्स Health news and updates | Sehat Times