Sunday , November 8 2026

सपेरा समाज ने केजीएमयू के गेट पर किया बीन बजाकर प्रदर्शन

-कथित लव जिहाद की चिंगारी से उठी विरोध की आग रह-रहकर सुलग रही

सेहत टाइम्स
लखनऊ। चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में नाम कमाते हुए दुनियाभर को जॉर्जियन चिकित्सक देने वाला ऐतिहासिक किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय आजकल सुर्खियों में हैं। कथित लव जिहाद की चिंगारी से उठी विरोध की आग रह-रहकर सुलग रही है। यहां की जूनियर महिला रेजीडेंट द्वारा किये गये आत्महत्या के प्रयास की घटना के बाद से कथित लव जेहाद, यौन शोषण, मतांतरण जैसे आरोपों के साथ नेशनल मेडिको ऑर्गेनाइजेशन, राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के अनुषांगिक संगठनों आदि के विरोध से शुरू हुआ सिलसिला दिन-पर-दिन तेज होता जा रहा है। इसी क्रम में आज 22 जनवरी को केजीएमयू के गेट नम्बर 2 पर कुलपति सहित केजीएमयू प्रशासन के खिलाफ अनोखा प्रदर्शन किया गया। यह विरोध सपेरा महासभा द्वारा बीन बजाकर किया गया।

विज्ञप्ति के अनुसार प्रदर्शनकारी सपेरा महासभा के अध्यक्ष श्रीपतनाथ सपेरा ने कहा कि एक तरफ़ उत्तर प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री दलितों समाज के सामाजिक एवं आर्थिक विकास के लिए समर्पित हैं वहीं दूसरी तरफ़ केजीएमयू में समूह घ की नौकरियों में बांग्लादेशियों, रोहिंग्याओं और जिहादियों को संविदा पर नियुक्त किया जा रहा है। इस लखनऊ में पीढ़ियों से रहने वाला सपेरा समाज बेरोजगार होकर भीख मांगने को मज़बूर है लेकिन नौकरी जिहादी ताकतों को दी जा रही है।

विज्ञप्ति के अनुसार उनका कहना है कि सपेरा समाज एक देशभक्त समाज है, तमाम युवा हाईस्कूल, इंटर तक की पढ़ाई करके तमाशा दिखाने को मजबूर हैं लेकिन उन्हें केजीएमयू में नौकरी नहीं मिल रही है। उनकी नौकरी पर डाका डाला जा रहा है। उन्होंने कहा कि हम केजीएमयू के सामने बीन बजाकर यहां छिपे सपोलों को निकालने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि यह सपोले हमारे अधिकारों का इसी तरह दमन करते रहे तो हम और भी व्यापक आंदोलन करेंगे। वीसी कार्यालय के लोगों का कहना है कि वह सेवायोजन पोर्टल के माध्यम से नियुक्ति करते हैं। यदि हमारा समाज इतना ही पढ़ा लिखा होता और कंप्यूटर चलाना जानता तो वह भला संविदा के समूह घ के नियुक्तियों के लिए क्यों परेशान होता? विज्ञप्ति में कहा गया है कि केजीएमयू प्रशासन को इस पर जल्द से जल्द विचार करना ही होगा नहीं तो हम लोग जल्द ही सापों के साथ केजीएमयू परिसर में प्रवेश करेंगे।

केजीएमयू ने कहा, मरीजों को हुई असुविधा

इस प्रदर्शन के बारे में ‘सेहत टाइम्स’ ने जब केजीएमयू के मीडिया प्रवक्ता डॉ केके सिंह से बात की तो उनका कहना था कि प्रदर्शन बिल्कुल गलत हुआ है, सायं चार बजे प्रदर्शनकारियों ने केजीएमयू का गेट नम्बर 1 बंद करा दिया, इससे वहां भीड़ हो गयी, ट्रैफिक जाम हो गया, बहुत सारी एम्बुलेंस वहां फंस गयीं, मरीजों को बहुत असुविधा हुई।