Monday , September 21 2026

24 घंटों में कम से कम आधा घंटा अपने शरीर के लिए अवश्य निकालें

-डॉ शाश्वत विद्याधर के नेतृत्व में चिकित्सा प्रकोष्ठ भाजपा लखनऊ ने भी मनाया योग महोत्सव 2025

सेहत टाइम्स

लखनऊ। 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर चिकित्सा प्रकोष्ठ भाजपा लखनऊ संयोजक डॉ शाश्वत विद्याधर के नेतृत्व में चिकित्सा प्रकोष्ठ भाजपा लखनऊ महानगर व उप्र आदर्श योग समिति के संयुक्त तत्वावधान में योग महोत्सव 2025 एक भारत समरस भारत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मल्टीएक्टिविटी सेंटर एलडीए कॉलोनी में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में चिकित्सकगण व स्वास्थ्यकर्मी सम्मिलित हुए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व केंद्रीय मंत्री सांसद कौशल किशोर ने हिस्सा लिया।

इस मौके पर उपस्थित लोगों को योग का महत्व बताते हुए डॉ शाश्वत विद्याधर ने कहा कि आजकल की हमारी जीवन शैली ऐसी हो गयी है, जो अनेक प्रकार के रोगों को आमंत्रण देती है, इन रोगों से बचने के लिए योग हो या अन्य शारीरिक व्यायाम नियमित रूप से करना आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि 24 घंटे में कम से कम आधा घंटा अपने शरीर के लिए निकालें और स्वस्थ रहें। उन्होंने कहा कि जब आप आधा घंटा अपने शरीर के लिए निकालेंगे तो वह बाकी के घंटों में आप जो भी कार्य करते हैं, उसके लिए अत्यन्त उपयोगी सिद्ध होगा।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक वर्ग के लोगों को कोई न कोई हल्का शारीरिक व्यायाम अवश्य चुनना चाहिये भले ही वह साइकिलिंग हो, जॉगिंग हो या दूसरे कोई व्यायाम। इस मौके पर अस्पतालों द्वारा निःशुल्क मेडिकल कैंप भी लगाया गया।