Sunday , July 26 2026

52 सेकंड के लिए थम जायेगा लखनऊ शहर

-आजादी की 76वीं वर्षगांठ पर सम्‍पूर्ण शहर में एक साथ होगा राष्‍ट्रगान

सेहत टाइम्‍स

लखनऊ। आजादी की 76वीं वर्षगांठ पर उत्‍तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में प्रात: 9.15 पर 52 सेकंड के लिए पूरा शहर थम जायेगा तथा शहर के सभी चौराहों पर ट्रैफि‍क रोक दिया जायेगा, यह वह समय होगा जब पूरे शहर में एक साथ राष्‍ट्रगान किया जायेगा। राष्‍ट्रगान के पश्‍चात 9.17 पर पूर्व की भांति सभी ट्रैफि‍क संचालित होना शुरू हो जायेगा।

जिलाधिकारी सूर्यपाल गंगवार द्वारा इस आशय की जानकारी देते हुए बताया गया है कि आजादी के अमृत महोत्‍वस 15 अगस्‍त, 2023 को मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ द्वारा विधानभवन पर झंडारोहण के तत्‍काल बाद प्रात: 9.15 बजे सम्‍पूर्ण शहर में एकसाथ राष्‍ट्रगान होगा। उन्‍होंने बताया कि 9.15 बजे 52 सेकंड के लिए पूरा शहर थम जायेगा तथा शहर के सभी चौराहों पर एक साथ रेड सिग्‍नल होगा, इसके लिए पांच मिनट पूर्व सायरन बजाया जायेगा।

उन्‍होंने बताया कि मुख्‍यमंत्री द्वारा पंच प्रण की शपथ प्रात: 9.45 से 9.47 तक दिलायी जायेगी, शपथ के दौरान शहर के 19 प्रमुख चौराहों पर सिग्‍नल एक साथ रेड हो जायेगा। 2 मिनट के लिए ट्रैफि‍क रुक जायेगा।
राष्‍ट्रगान का प्रसारण सम्‍पूर्ण शहर में एलईडी स्‍क्रीन, पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्‍टम व स्‍मार्ट सिटी में लगे आईटीएमएस के जरिये होगा। पुलिस विभाग द्वारा सभी चौराहों पर एक नोडल अधिकारी नामित किया जायेगा।