Tuesday , February 24 2026

हृदय रोग संस्‍थान को मिलीं डीएम कार्डियक एनेस्‍थीसिया की तीन और सीटें

-यूपी का अकेला संस्‍थान जहां होती है डीएम कार्डियक एनेस्‍थीसिया की पढ़ाई

सेहत टाइम्‍स

लखनऊ/कानपुर। एलपीएस इंस्‍टीट्यूट ऑफ कार्डियोलॉजी एंड कार्डियक सर्जरी, जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज, कानपुर हृदय रोग संस्थान, कानपुर में सुपर स्‍पेशियलिटी कोर्स डीएम कार्डियक एनेस्‍थीसिया की तीन और सीटों को नेशनल मेडिकल कमीशन से मंजूरी मिली है इस प्रकार अब यहां डीएम कार्डियक एनेस्‍थीसिया की कुल छह सीटें हो गयी हैं। ज्ञात हो यह प्रदेश का पहला ऐसा संस्‍थान है जहां पहली बार डीएम (कार्डियक एनेस्थीसिया कोर्स) त्रिवर्षीय सुपर स्पेशियलिटी कोर्स 3 सीटों के साथ वर्ष 2020 में प्रारम्भ हुआ था। ज्ञात हो यूपी में एसजीपीजीआई, लोहिया संस्‍थान, केजीएमयू जैसे संस्‍थानों में यह कोर्स अभी शुरू नहीं हुआ है।

यह जानकारी देते हुए संस्‍थान के निदेशक डॉ विनय कृष्‍ण ने बताया कि बीती 16 मार्च को एनएमसी द्वारा संस्थान में रोगियों की बढ़ती हुयी संख्या एवं वृहद स्तर पर चल रहे उपचार कार्य को देखते हुये सीटों की संख्या 3 से बढ़ाकर 6 करने की अनुमति प्रदान कर दी गयी है। यहां यह बताना प्रासंगिक है कि एसजीपीजीआई लखनऊ, केजीएमयू लखनऊ, आरएमएल लखनऊ सहित प्रदेश के किसी भी संस्थान/मेडिकल कॉलेज में यह कोर्स अभी तक प्रारम्भ नहीं हुआ है। प्रदेश में नये-नये मेडिकल कॉलेजों के खुलने के साथ-साथ बड़ी संख्या में आईसीसीयू एवं कैथलैबो की स्थापना हो रही है, इनके संचालन के लिए कार्डियक एनेस्थीसिया की विधा में शिक्षित-प्रशिक्षित एवं पारंगत मानव संसाधन की आवश्‍यकता बहुत बड़ी संख्या में शीघ्र ही पड़ने वाली है।

प्रदेश में मानव संसाधन की कमी को पूरा करने के लिए हृदय रोग संस्थान हमेशा अग्रणी रहा है। इस कोर्स को संस्थान में प्रारम्भ कराने एवं सीटों को बढ़ाने में विशेष योगदान यूपी के प्रमुख सचिव चिकित्सा शिक्षा आलोक कुमार, महानिदेशक, चिकित्सा शिक्षा एवं प्रशिक्षण श्रुति सिंह एवं उनकी टीम का रहा है, जिन्होंने इसके लिए सभी औपचारिकताएं युद्ध स्तर पर पूर्ण करायी हैं।