Sunday , September 13 2026

वरिष्‍ठ पत्रकार वीर विक्रम बहादुर मिश्र नहीं रहे

-उप मुख्‍यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भी जताया शोक, मंगलवार को होगा अंतिम संस्‍कार

वीर विक्रम बहादुर मिश्र

सेहत टाइम्‍स

लखनऊ। वरिष्ठ पत्रकार वीर विक्रम बहादुर मिश्र का सोमवार की शाम को निधन हो गया। वे 78 वर्ष के थे। श्री मिश्र बीमार चल रहे थे, तथा यहां लोकबंधु हॉस्पिटल में भर्ती थे।

उनके पुत्र आशीष मिश्र भी पत्रकार हैं तथा वर्तमान में इंडिया टूडे में कार्यरत हैं। उन्‍होंने बताया कि वीर विक्रम बहादुर मिश्र का अंतिम संस्‍कार कल मंगलवार को पूर्वान्‍ह 11 बजे यहां स्‍थानीय भैसाकुंड श्‍मशान घाट पर होगा। उनके निधन पर चारों ओर से शोक संवेदनाओं का दौर जारी है। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने वरिष्ठ पत्रकार के निधन पर गहर शोक व्यक्त करते हुए विनम्र श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि ईश्वर उन्हें अपने श्रीचरणों में जगह दें। उनके परिजनों को असहनीय पीड़ा सहने की ताकत दें।

ब्रजेश पाठक ने शोक संदेश जारी कर कहा कि वीर विक्रम बहादुर मिश्र निर्भीक व ईमानदार पत्रकार थे। उनके निधन से पत्रकारिता जगत की अपूरणीय क्षति हुई है। उनके निधन से प्रतिभा का अंत हो गया। इस खाली जगह की भरपाई कठिन है। उन्होंने राजनीति, संस्कृति, धर्म एवं आध्यत्म की रिपोर्टिंग के क्षेत्र में कई कीर्तिमान स्थापित किए। प्रदेश के प्रमुख हिन्दी दैनिक स्वतंत्र भारत के दशकों तक ब्यूरो प्रमुख रहे। वीर विक्रम बहादुर मिश्र ने कई महत्वपूर्ण राजनीतिक घटनाक्रमों की धारदार रिपोर्टिंग की। वे गहरी समझ और विनम्र स्वभाव के व्यक्ति थे।