-शहीद पथ स्थित अटल बिहारी इकाना स्टेडियम अंदर और बाहर हो रहा था भगवामय

सेहत टाइम्स
लखनऊ। पांच वर्ष तक मुख्यमंत्री के रूप में कार्य करने के बाद पुन: सत्ता में वापसी की ऐतिहासिक जीत दर्ज करने वाले योगी आदित्यनाथ की सरकार ने अपनी दूसरी पारी की शपथ आज यहां अटल बिहारी इकाना स्टेडियम में ली। भारतीय जनता पार्टी की इस प्रचंड जीत के बाद सरकार के शपथ ग्रहण समारोह को भी ऐतिहासिक बनाया गया। हजारों की संख्या में पहुंचे लोग मोदी-योगी के नारे लगा रहे थे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्रियों सहित भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों की उपस्थिति का गवाह बना इकाना स्टेडियम आज भगवामय हो रहा था। स्टेडियम के अंदर और बाहर भाजपा के झंडे, बड़ी-बड़ी होर्डिंग्स वहां मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और समर्थकों में एक अलग ही उत्साह का संचार कर रहे थे। स्टेडियम में सभी के बैठने के लिए सीटिंग व्यवस्था की गयी थी। मंच, वीवीआईपी, वीआईपी के बाद दूसरे लोगों के लिए सीटिंग व्यवस्था थी। प्रदेश भर से आये हुए भाजपा कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों के लिए मंडल के अनुसार अलग-अलग स्थान निर्धारित किया गया था, ताकि बैठने में कोई असुविधा न हो।

इस ऐतिहासिक शपथ ग्रहण समारोह का साक्षी बनने के लिए लखनऊ के बाहर व लखनऊ के रहने वाले भारी संख्या में लोग पहुंचे थे, इनमें अनेक चिकित्सक भी शामिल थे। गोमती नगर स्थित हेल्थ सिटी हॉस्पिटल एंड ट्रॉमा सेंटर के निदेशक व वरिष्ठ प्लास्टिक सर्जन डॉ वैभव खन्ना भी इस ऐतिहासिक पल का गवाह बनने के लिए तपती धूप में भी स्टेडियम पहुंचे। उन्होंने कहा कि 5 साल तक सुशासन देने वाली योगी आदित्यनाथ की सरकार अपनी दूसरी पारी के लिए आज यहां शपथ ले रही है और ऐसे मौके पर मैं इस कार्यक्रम में शामिल होना अपना सौभाग्य समझता हूं। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ ही दोनों डिप्टी सीएम, कैबिनेट मंत्रियों, स्वतंत्र प्रभार वाले राज्य मंत्रियों तथा राज्य मंत्रियों को अपनी शुभकामनाएं दी हैं।

Sehat Times | सेहत टाइम्स Health news and updates | Sehat Times