-तीन घंटे चला ऑपरेशन, 24 घंटे बाद ही चलने-फिरने लगी 42 वर्षीय मरीज

सेहत टाइम्स
लखनऊ। कल्याण सिंह सुपर स्पेशियलिटी कैंसर संस्थान (केएसएसएससीआई), लखनऊ के स्त्री रोग कैंसर विभाग में चिकित्सकों ने एक अत्यंत जटिल और दुर्लभ मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। यहां 42 वर्षीय महिला के सर्वाइकल कैंसर से बनी लगभग 35 सेंटीमीटर की बड़ी गांठ का सफल ऑपरेशन किया गया। कैंसर अंडाशय और पेट की झिल्ली (पेरिटोनियम) तक फैल चुका था। महिला की स्थिति इतनी गंभीर हो गई थी कि वह न तो ठीक से बैठ पा रही थी और न ही पीठ के बल लेट पा रही थी। पेट में विशाल गांठ के कारण लगातार दर्द रहता था और भोजन करने में भी काफी परेशानी हो रही थी।
पूर्व में निजी अस्पताल हुई थी गर्भाशय सर्जरी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, महिला का पूर्व में एक निजी अस्पताल में सर्वाइकल कैंसर के लिए गर्भाशय निकालने का ऑपरेशन (हिस्टेरेक्टॉमी) किया गया था। इसके बावजूद कैंसर का कुछ हिस्सा शेष रह गया था। इसके उपचार के लिए लगभग पांच महीने तक रेडियोथेरेपी और कीमोथेरेपी दी गई, लेकिन बीमारी नियंत्रित होने के बजाय बढ़ती गई और लगभग 35 सेंटीमीटर की विशाल गांठ का रूप ले लिया।
बेहद चुनौतीपूर्ण था ऑपरेशन करना
मामले की जटिलता इस बात से और बढ़ गई थी कि कैंसर मूत्राशय (यूरिनरी ब्लैडर) तक फैल चुका था और छोटी आंतों के साथ गंभीर चिपकाव हो गया था। ऐसी स्थिति में ऑपरेशन करना बेहद चुनौतीपूर्ण था। मूत्राशय और आंतों को सुरक्षित रखते हुए कैंसर को पूरी तरह निकालना चिकित्सकों के लिए एक बड़ी चुनौती थी। इस जटिल ऑपरेशन का नेतृत्व डॉ. प्रियंका सिंह, एडिशनल प्रोफेसर, स्त्री रोग कैंसर विभाग ने किया। चिकित्सकीय टीम ने मात्र 3 घंटे में कैंसरग्रस्त बीमारी को सफलतापूर्वक निकाल दिया।
सर्जरी के बाद मरीज की रिकवरी भी उल्लेखनीय रही। ऑपरेशन के मात्र 24 घंटे के भीतर महिला ने खाना-पीना शुरू कर दिया और चलने-फिरने लगी। सबसे उत्साहजनक बात यह है कि ऑपरेशन के बाद पिछले तीन महीनों से मरीज नियमित फॉलोअप में है और उसका स्वास्थ्य अच्छा है।
दुर्लभ स्थिति
डॉ. प्रियंका सिंह के अनुसार, सर्वाइकल कैंसर में इस प्रकार अंडाशय और पेरिटोनियम तक फैली हुई इतनी बड़ी गांठ के साथ बीमारी का दोबारा उभरना एक दुर्लभ स्थिति है। ऐसे चुनिंदा मरीजों में, जहां विशेषज्ञ मूल्यांकन के बाद पूरे दिखाई देने वाले कैंसर को निकालना संभव हो, सर्जरी एक प्रभावी उपचार विकल्प साबित हो सकती है।
इस केस की सफलता इस बात का भी प्रमाण है कि पहले रेडियोथेरेपी और कीमोथेरेपी करा चुके तथा जटिल अवस्था में पहुंचे कैंसर मरीजों में भी उचित चयन, विशेषज्ञता और उन्नत शल्य चिकित्सा के माध्यम से बेहतर परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं।

Sehat Times | सेहत टाइम्स Health news and updates | Sehat Times