-वेतन विसंगति, ग्रेड पे, महंगाई भत्ते, समायोजन आदि मुद्दों को लेकर लगायी गुहार

सेहत टाइम्स
लखनऊ। नेशनल हेल्थ मिशन के एक लाख कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर संयुक्त राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कर्मचारी संघ के एक प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल से मिलकर अपनी गुहार लगायी। संघ के अनुसार राज्यपाल ने उनकी मांगों पर अपनी मौखिक सहमति जतायी है।
संघ के महामंत्री योगेश उपाध्याय ने बताया कि गत दिवस पहली दिसम्बर को NHM के 1 लाख कर्मचारियों की समस्याओं से अवगत कराने के लिए संयुक्त राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कर्मचारी संघ उत्तर प्रदेश रजि0 के 4 लोगों के प्रतिनधिमण्डल ने प्रदेश अध्यक्ष डॉ अनिल गुप्ता के नेतृत्व में राज्यपाल से सफ़ल वार्ता की।
योगेश उपाध्याय ने कहा कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन अंतर्गत कार्यरत कर्मचारियों को समान कार्य समान वेतन देने एवं वेतन विसंगति दूर करते हुए ग्रेड पे समेत महंगाई भत्ते, ग्रेच्युटी, NHM कर्मियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए नियमित पदों पर वरीयता तथा आउटसोर्सिंग कर्मचारियों का NHM में समायोजन, जॉब सिक्योरिटी एवं रिक्त पद स्थान्तरण एवं गृह जनपद स्थानांतरण के मुद्दे पर चर्चा की।
प्रदेश अध्यक्ष डॉ अनिल गुप्ता ने कहा कि समस्त बिंदुओं पर राज्यपाल महोदय ने मौखिक सहमति प्रदान की। संघ के प्रमुख उपाध्यक्ष अम्मार जाफ़री ने राज्यपाल को अपना बहुमूल्य समय देने के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।
प्रतिनिधिमण्डल में प्रदेश अध्यक्ष डॉ अनिल गुप्ता, प्रदेश महामंत्री योगेश उपाध्याय, प्रदेश प्रमुख उपाध्यक्ष अम्मार जाफ़री, प्रदेश प्रवक्ता प्रीति मिश्रा के साथ ही इस मौके पर विजय वर्मा, प्रदेश सचिव प्रवीण यादव, संगठन मंत्री सौरभ मिश्रा राजकमल आदि लोग भी उपस्थित थे।

Sehat Times | सेहत टाइम्स Health news and updates | Sehat Times