Saturday , October 24 2026

केजीएमयू गूंज को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2023 पर उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मान

-नयी दिल्ली में आयोजित समारोह में रेडियो स्टेशन की मैनेजर ने ग्रहण किया सम्मान

सेहत टाइम्स

लखनऊ। किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय केजीएमयू के सामुदायिक रेडियो स्टेशन रेडियो केजीएमयू गूंज 89.6 मेगा हर्ट्ज को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2023 के अंतर्गत इनोवेटिव कम्युनिकेशंस प्रैकि्टसेज की श्रेणी में उत्कृष्ट योगदान के लिए यूनाइटेड नेशंस एजूकेशनल साइंटिफिक एंड कल्चरल ऑर्गनाइजेशन (यूनेस्को), नयी दिल्ली में सम्मान मिला है। यह सम्मान 24 नवम्बर को केजीएमयू गूंज की स्टेशन मैनेजर शालिनी गुप्ता ने ग्रहण किया।

इस बारे में शालिनी गुप्ता ने बताया कि केजीएमयू गूंज के अधिशासी अधिकारी डॉ केके सिंह के मार्गदर्शन में वर्ष 2023 के अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर आयुष मंत्रालय भारत सरकार के सहयोग व कॉमनवेल्थ एजूकेशन मीडिया सेंटर फॉर एशिया, नयी दिल्ली के माध्यम से प्राप्त प्रोजेक्ट सेलीब्रेशन ऑफ इंटरनेशनल योगा डे 2023 के अंतर्गत यह सम्मान नयी दिल्ली में आयोजित समारोह में कम्युनिटी रेडियो स्टेशन, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय भारत सरकार के अपर निदेशक गौरीशंकर केसरवानी व योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा प्रभाग आयुुष विकास प्रभाग आयुष मंत्रालय भारत सरकार के विक्रम सिंह द्वारा प्रदान किया गया।

शालिनी ने कहा कि हमारी सफलता में कॉमनवेल्थ एजूकेशन मीडिया सेंटर फॉर एशिया की प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर मोनिका शर्मा तथा रेडियो केजीएमयू गूंज की पूरी टीम प्रोग्रामिंग हेड कस्तूरी सिंह, आरजे प्रतिमा, आरजे राजेश्वरी, आरजे अभिषेक शर्मा, साउन्ड इंजीनियर दीपक दीक्षित, अभिषेक यादव, ज्योति, पीयूष श्रीवास्तव, रीतू, ऋषभ गुप्ता, राहुल, राजकुमार का बहुमूल्य योगदान रहा।

केजीएमयू गूंज की परिकल्पना करने वाले इसके संस्थापक व पूर्व अधिशासी अधिकारी, सर्जरी विभाग के पूर्व प्रोफेसर डॉ विनोद जैन ने इस सपफलता पर अपनी केजीएमयू गूंज को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि केजीएमयू गूंज दिन दूनी-रात चौगुनी तरक्की करे तथा समुदाय में अच्छी जानकारियां पहुंचाकर अपना उद्देश्य पूरा करे, ऐसी ही मेरी कामना है। वर्तमान में डॉ विनोद जैन केजीएमयू गूंज के ऑनरेरी एडवाइजर भी हैं।