-राम सागर मिश्र संयुक्त चिकित्सालय में 21 जून को योग शिविर की तैयारियां पूरी

सेहत टाइम्स
लखनऊ। कल 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर राम सागर मिश्र संयुक्त चिकित्सालय में एक विशेष योग शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर का उद्घाटन अपर निदेशक, लखनऊ मंडल डॉ जी पी गुप्ता द्वारा किया जाएगा।
इस अवसर पर चिकित्सालय के चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी, कर्मचारीगण एवं छात्र-छात्राएं प्रतिभाग करेंगे। योग शिविर का उद्देश्य योग के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना तथा लोगों को शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है। शिविर में प्रशिक्षित योग विशेषज्ञ द्वारा विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया जाएगा तथा योग के स्वास्थ्य लाभों की जानकारी दी जाएगी।
चिकित्सालय प्रशासन ने बताया कि नियमित योग अभ्यास से तनाव में कमी, रोग प्रतिरोधक क्षमता में वृद्धि तथा समग्र स्वास्थ्य में सुधार होता है। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित यह कार्यक्रम जनमानस को योग अपनाने और स्वस्थ जीवन जीने के लिए प्रेरित करेगा।
चिकित्सालय के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ वी के शर्मा ने सभी चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी, कर्मचारीगण , मरीजों के परिजनों से योग शिविर में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं अमूल्य धरोहर है, जिसे अपनाकर हम स्वस्थ एवं संतुलित जीवन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ा सकते हैं।

Sehat Times | सेहत टाइम्स Health news and updates | Sehat Times