-बदली वैश्विक परिस्थितियों में प्रधानमंत्री की देश से की गयी अपील को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी ने लिया ताबड़तोड़ एक्शन

सेहत टाइम्स
लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा वैश्विक परिस्थितियों को देखते हुए आमजन से की गई अपील के दृष्टिगत राज्य सरकार की तैयारी के संबंध में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 12 मई को लखनऊ में उच्चस्तरीय बैठक की। उन्होंने ईंधन की खपत कम करने तथा प्रधानमंत्री के आह्वान को प्रदेश में व्यावहारिक रूप से अपनाए जाने की अपील की है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी भवनों, घरों, निजी प्रतिष्ठानों आदि में अनावश्यक बिजली का प्रयोग न हो। उन्होंने प्रदेशवासियों से विद्युत बचाने की अपील की। साथ ही उन्होंने कहा कि ‘पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना’ को प्रोत्साहित किया जाए।
50 फीसदी आंतरिक बैठकें वर्चुअली करने के निर्देश
योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में ‘वर्क फ्रॉम होम’ work from home (WFH) की संस्कृति को भी प्राथमिकता देने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिन संस्थानों में बड़ी संख्या में कार्मिक कार्यरत हैं, उन्हें सप्ताह में दो दिन WFH की अनुशंसा के लिए राज्य स्तर पर एडवाइजरी जारी की जाए। राज्य सचिवालय/निदेशालय की 50 प्रतिशत आंतरिक बैठकें भी वर्चुअली की जाएं।
फ्लीट में 50 प्रतिशत की कटौती
सीएम ने मुख्यमंत्री, मंत्रियों आदि की फ्लीट में तत्काल 50 प्रतिशत की कमी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि मंत्री, सांसद, विधायक एवं जनप्रतिनिधि सप्ताह में एक दिन पब्लिक ट्रांसपोर्ट public transport का उपयोग करें। सार्वजनिक परिवहन, साइक्लिंग, कार पूलिंग तथा ईवी electronic vehicle के प्रयोग को बढ़ावा दिया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यूपी में भी हेरिटेज, ईको साइट्स, किले समेत अनेक अच्छे स्थल हैं, वहां भी डेस्टिनेशन वेडिंग को बढ़ावा दें। उन्होंने कहा कि त्योहारों, शादियों समेत विभिन्न आयोजनों में भारत में बने उपहारों, उत्पादों एवं हस्तशिल्प सामग्रियों को बढ़ावा दें, तथा खाद्य सामग्रियों में तेल का प्रयोग कम किया जाए।
उन्होंने प्रदेशवासियों से अनावश्यक सोने gold की खरीद न करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि प्रशासन स्थानीय ज्वेलर्स एसोसिएशन, व्यापारियों आदि के साथ भी बैठक कर उनकी चिंताओं को दूर करे।

Sehat Times | सेहत टाइम्स Health news and updates | Sehat Times