Wednesday , May 13 2026

सम्मान तो ठीक है, लेकिन सुकून कब देंगे साहब ?

-नर्सेज डे पर समारोह और सम्मान की घोषणा कहीं शासन से स्वीकृत मांगों से ध्यान हटाने की कोशिश तो नहीं ?

-यूपी के सभी अस्पतालों में अंतर्राष्ट्रीय नर्स दिवस समारोहपूर्वक मनाने के निर्देश दिये हैं डीजी ने

-उत्कृष्ट कार्य करने वाली चयनित नर्सेज होंगी सम्मानित, डीजी की अध्यक्षता में समिति गठित  

सेहत टाइम्स

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में स्वास्थ्य विभाग ने अंतरराष्ट्रीय नर्स डे International Nurse Day के उपलक्ष्य में प्रदेश भर के समस्त चिकित्सालयों में नर्स डे को समारोहपूर्वक मनाने के निर्देश दिए गए हैं, इसके साथ ही इस विशेष दिन के उपलक्ष्य में उत्कृष्ट कार्य करने वाली उपचारिकाओं को सम्मानित करने का निर्णय भी लिया गया है।

दूसरी ओर नर्सों के सम्मान से जुड़े इन दोनों निर्णयों पर राजकीय नर्सेज संघ उत्तर प्रदेश के महामंत्री अशोक कुमार की प्रतिक्रिया चौंकाने वाली रही, उनका कहना है कि कहीं ऐसा तो नहीं कि इन लुभावने निर्णयों की आड़ लेकर हमारी गृह जनपद में तैनाती सहित दूसरी लम्बित मांगों, जिन पर उप मुख्यमंत्री और शासन सभी की स्वीकृति मिल चुकी है, से ध्यान हटाया जा रहा है।

यह पत्र लिखा गया है महानिदेशक की ओर से    

महानिदेशक डॉ पवन कुमार अरुण द्वारा प्रदेश के सभी अस्पतालों एवं मेडिकल कॉलेजों के प्रमुखों को 11 मई, 2026 को पत्र भेजा गया है। निदेशकों, मुख्य चिकित्सा अधिकारियों, अस्पताल के प्रमुख अधीक्षकों, मुख्य चिकित्सा अधीक्षकों, चिकित्सा अधीक्षकों को भेजे गये पत्र में नर्स दिवस पर अस्पतालों में आयोजित किये गये कार्यक्रम की 5 से 6 फोटो निदेशक नर्सिंग की ईमेल आईडी Email पर 15 मई तक उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

पत्र में नर्स दिवस पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली उपचारिकाओं को सम्मान दिये जाने के फैसले के अनुपालन में उपचारिकाओं का चयन करने के लिए एक समिति का गठन किया गया है। महानिदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य की अध्यक्षता में गठित समिति में निदेशक नर्सिंग, निदेशक चिकित्सा उपचार और संयुक्त निदेशक नर्सिंग सदस्य नामित किए गए हैं, सदस्य के रूप में नामित संयुक्त निदेशक नर्सिंग को समन्वयक की जिम्मेदारी सोपी गई है। पत्र में निर्देश दिए गए हैं कि नियमित नर्सिंंग संवर्ग कार्मिकों द्वारा अपनी संपूर्ण सेवा में किए गए उत्कृष्ट कार्यों के आवेदन प्राप्त कर चयनित नर्सिंग कर्मियों को सम्मानित किया जाएगा, इससे संबंधित निर्देश पृथक से जारी करने की बात कही गई है।

यह है नर्सेज की पीड़ा

नसों की पीड़ा व्यक्त करते हुए राजकीय नर्सेज संघ उत्तर प्रदेश के महामंत्री अशोक कुमार ने बताया कि हमारी औचित्यपूर्ण मांगों एवं समस्याओं के संबंध में बीते 2 फरवरी 2026 को अपर मुख्य सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई थी इस बैठक में नर्सों की तैनाती उनके गृह जनपद में करने की मांग पर निर्देश देते हुए महानिदेशक से प्रस्ताव मांगा गया था। अशोक कुमार का कहना है कि इस मांग को 14 जुलाई 2022 में सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण की बैठक में औचित्यपूर्ण माना गया था इसी आधार पर फरवरी की मीटिंग में भी प्रस्ताव तैयार करने के लिए महानिदेशक को निर्देश दिए गए थे लेकिन अफसोस है कि यह मांग अब तक लंबित है।

अशोक कुमार का कहना है कि नर्सिंग संवर्ग में 90% महिलाएं हैं, ऐसी स्थिति में अगर उनकी तैनाती गृह जनपद में हो जाती है तो यह उनके लिए भारी सुकून देने वाला रहेगा और यह सुकून ही नर्सेज का एक बड़ा सम्मान होगा।

प्रोन्नति के निर्देश भी दिये गये थे

उन्होंने कहा इसी प्रकार महानिदेशालय एवं चिकित्सालय स्तर पर 2010 के पूर्व से रिक्त उच्च पदों को 15 दिन में पदोन्नति promotion कर भरे जाने के निर्देश निदेशक नर्सिंग को दिए गए थे। इसके अतिरिक्त इसी प्रकार स्वशासी महाविद्यालय से किसी भी उपचारिका को प्रधानाचार्य द्वारा स्वत: कार्य मुक्त नहीं किए जाने के निर्देश के साथ ही स्वशासी महाविद्यालय के अंतर्गत आने वाले पदों की गणना करते हुए पदोन्नति किये जाने के निर्देश दिये गये थे।

अशोक कुमार ने कहा कि फरवरी की ही बैठक में सभी मुख्य चिकित्सा अधिकारियों एवं चिकित्सा अधीक्षकों को पालनाघर (क्रैच) Crèche की व्यवस्था किये जाने के निर्देश देते हुए कहा गया था कि सभी मुख्य चिकित्सा अधिकारियों एवं चिकित्सा अधीक्षकों को पालनाघर (क्रैच) की व्यवस्था किये जाने के लिए महानिदेशक, चिकित्‌सा एवं स्वास्थ्य सेवायें द्वारा समुचित आदेश निर्गत कर प्रत्येक जगह की प्रगति की समीक्षा की जायेगी।

बैठक में यह भी निर्देश दिये गये थे कि चिकित्सा स्वास्थ्य विभाग के सृजित पद जो चिकित्सा शिक्षा विभाग में गये हैं उन पदों पर कितने कर्मचारी कार्यरत हैं एवं कितने सेवानिवृत्त हो चुके हैं, से संबंधित समेकित सूचना महानिदेशालय उपलब्ध करायें।

सम्मान की घोषणा के निर्देश पत्र पर उठते सवाल

अस्पतालों में अनिवार्य रूप से अंतर्राष्ट्रीय नर्स दिवस समारोह मनाये जाने और उत्कृष्ट कार्य करने वाली उपचारिकाओं को सम्मानित किये जाने के निर्णय की सूचना अंतर्राष्ट्रीय नर्स दिवस के मात्र एक दिन पूर्व देना सवाल खड़ा करता है कि इसकी घोषणा पहले भी तो की जा सकती थी।