Thursday , August 27 2026

खेल को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनायें : अनुप्रिया पटेल

-राष्ट्रीय खेल दिवस-2026 पर केजीएमयू में भी आयोजित हुआ कार्यक्रम

-दिल्ली में प्रधानमंत्री के सम्बोधन का किया गया लाइव प्रसारण

सेहत टाइम्स

लखनऊ। राष्ट्रीय खेल दिवस-2026 के अवसर पर मेरा युवा भारत, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आयोजित राष्ट्रव्यापी “खेलो इंडिया संवाद – खेल की बात PM मोदी के साथ” कार्यक्रम के अंतर्गत आज लखनऊ स्थित किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को खेल, फिटनेस, अनुशासन, प्रतिभा विकास, युवा नेतृत्व तथा विकसित भारत के निर्माण से जोड़ना रहा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अनुप्रिया पटेल, केंद्रीय राज्य मंत्री, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक, भारत सरकार रहीं। कार्यक्रम में कुलपति प्रो. सोनिया नित्यानंद, सुहास एल.वाई., सचिव, खेल एवं युवा कल्याण विभाग, उत्तर प्रदेश शासन एवं खेल जगत से स्पोर्ट्स आइकन मुस्कान, जिन्होंने पैरा एथलीट यूथ एशियन पैरा गेम 2025 में कांस्य पदक जीतकर देश और प्रदेश का गौरव बढ़ाया है, सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद के चित्र पर मुख्य अतिथि एवं अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा माल्यार्पण के साथ हुई। इसके पश्चात वंदे मातरम् का सामूहिक गायन किया गया। स्वागत संबोधन कुलपति प्रो. सोनिया नित्यानंद द्वारा दिया गया। इसके पश्चात कार्यक्रम राष्ट्रीय स्तर के लाइव प्रसारण से जुड़ा। माय भारत स्वयंसेवक द्वारा कार्यक्रम की संक्षिप्त जानकारी एवं आवश्यक ब्रीफिंग दी गई। प्रातः 11 बजे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का वर्चुअल आगमन हुआ। माय भारत स्वयंसेवक द्वारा प्रधानमंत्री का स्वागत किया गया तथा केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया द्वारा स्वागत संबोधन दिया गया।

इसके बाद राष्ट्रीय खेल दिवस पर आधारित लघु फिल्म तथा खेल क्षेत्र से संबंधित प्रधानमंत्री के स्वतंत्रता दिवस-2026 के संबोधन के प्रमुख अंशों पर आधारित लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया। इसके उपरांत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देशभर के युवाओं को संबोधित किया। इसके बाद युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें युवा आइकन एवं स्पोर्ट्स आइकन के बीच खेल क्षेत्र में पिछले बारह वर्षों में खेल अवसंरचना के विकास, प्रधानमंत्री के विजन के अंतर्गत भारतीय खेल क्षेत्र की प्रगति तथा आगामी ओलंपिक एवं कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए भारत की तैयारियों पर सार्थक चर्चा हुई। स्पोर्ट्स आइकन ने युवाओं के साथ अपने अनुभव साझा करते हुए खेलों को जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व, धैर्य एवं उत्कृष्टता विकसित करने का प्रभावी माध्यम बताया।

मुख्य अतिथि अनुप्रिया पटेल ने युवाओं के साथ संवाद करते हुए उन्हें नशे से दूर रहने तथा खेल को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संदेश दिया। उन्होंने युवाओं से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नियमित खेल एवं शारीरिक गतिविधियों में भाग लेने तथा अपने आसपास के युवाओं को भी नशामुक्त एवं स्वस्थ जीवन के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना, नेतृत्व और सकारात्मक सोच विकसित करने का प्रभावी माध्यम है। युवा संवाद के उपरांत सभी प्रतिभागियों को “विकसित भारत – नशा मुक्त युवा” की शपथ दिलाई गई। युवाओं ने स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवनशैली अपनाने तथा अपने परिवार, परिसर और समुदाय को नशे के दुष्प्रभावों से मुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में युवाओं को माय भारत पोर्टल पर चल रहे विकसित भारत यंग लीडर्स डायलाग 2027 में अधिक से अधिक भाग लेने के लिए प्रेरित किया गया। युवाओं को बताया गया कि यह क्विज उन्हें अपनी प्रतिभा, ज्ञान, नेतृत्व क्षमता एवं विकसित भारत के संबंध में अपने विचारों को राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करता है। मेरा युवा भारत, उत्तर प्रदेश के राज्य निदेशक गोपेश पाण्डेय द्वारा मुख्य अतिथि, स्पोर्ट्स आइकन एवं अन्य अतिथियों का अभिनंदन किया गया। एलाइड और हेल्थकेयर विभाग के डीन डॉ. के.के. सिंह द्वारा धन्यवाद ज्ञापन किया गया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।