-कुलपति प्रो सोनिया नित्यानंद ने किया परिसर में बनी नयी चौकी का उद्घाटन

सेहत टाइम्स
लखनऊ। किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू) के ट्रामा परिसर में आज नई पुलिस चौकी का विधिवत अनावरण किया गया। इस अवसर पर केजीएमयू की कुलपति प्रो. सोनिया नित्यानंद ने फीता काटकर चौकी का उद्घाटन किया तथा परिसर की सुरक्षा और बेहतर समन्वय के लिए इसे महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि नई पुलिस चौकी से मरीजों, तीमारदारों और चिकित्सकीय स्टाफ की सुरक्षा व्यवस्था और सुदृढ़ होगी तथा आपात स्थितियों में त्वरित सहायता उपलब्ध हो सकेगी।
कार्यक्रम में डीन पैरामेडिक्स एवं मीडिया सेल प्रभारी डॉ. के. के. सिंह, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. बी. के. ओझा, ट्रॉमा के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक एवं चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रेम राज सिंह तथा डॉ. अमिय अग्रवाल ने अतिथियों का स्वागत किया और कार्यक्रम की मेजबानी की। इस अवसर पर पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे और सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए अपने सहयोग का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में डॉ. भास्कर अग्रवाल (ट्रेजरर, अटल बिहारी कन्वेंशन सेंटर) तथा डॉ. अरुणेश कुमार तिवारी (प्रभारी, मैक्सिलोफेशियल यूनिट, ट्रामा) सहित विश्वविद्यालय एवं ट्रामा सेंटर के कई वरिष्ठ चिकित्सक और अधिकारी मौजूद रहे।
समारोह के दौरान अतिथियों ने नई पुलिस चौकी का निरीक्षण किया और ट्रामा परिसर में सुरक्षा एवं सेवा व्यवस्था को बेहतर बनाने के प्रयासों की सराहना की। विश्वविद्यालय प्रशासन ने उम्मीद जताई कि इस पहल से परिसर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी और मरीजों को बेहतर व सुरक्षित वातावरण मिलेगा।

Sehat Times | सेहत टाइम्स Health news and updates | Sehat Times