Thursday , October 12 2023

योगी ने कुशीनगर से शुरू किया जेई टीकाकरण अभियान

37 अन्य जिलों में भी प्रभारी मंत्रियों ने शुरू किया अभियान

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ ने आज 25 मई को जनपद कुशीनगर में मस्तिष्क ज्वर के रोकथाम एवं विशेष टीकाकरण अभियान का शुभारम्भ किया। इसी क्रम में अन्य शेष अति संवेदनशील 37 जनपदों में भी प्रभारी मंत्रियों द्वारा इस अभियान की शुरूआत की गई। टीकाकरण कार्यक्रम में प्रदेश सरकार को व्यापक जन समर्थन मिला और लोगों नें भारी संख्या में अपने बच्चों को टीके लगवाए। प्रदेश में मस्तिष्क ज्वर टीकाकरण विशेष अभियान आज से 11 जून तक चलाया जाएगा। जेई टीकाकरण अभियान के तहत 38 जिलों के लगभग 8857125 बच्चों को जेई वैक्सीन से आच्छादित किया जाएगा।

25 मई से 11 जून तक चलेगा टीकाकरण अभियान

प्रदेश के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने जनपद महाराजगंज में विशेष टीकाकरण अभियान की शुरूआत की। इस अवसर उन्होंने कहा कि प्रदेश में 38 जनपद मस्तिष्क ज्वर से सबसे अधिक प्रभावित हैं। वर्तमान सरकार ने इस गंभीर बीमारी की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाया है। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि इस अभियान के तहत हर बच्चे को टीके लगाए जाएं और मस्तिष्क ज्वर से उन्हें निजात मिले। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि प्रदेश के कुल 38 जनपदों के सभी सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पर भी इस अभियान को सघन रूप से संचालित किया जा रहा है। उन्होंने जनमानस से अपील की कि अधिक से अधिक अभिवावक इन केन्द्र पर अपने बच्चों का टीकाकरण कराएं, ताकि इस ज्वर को जड़ से समाप्त किया जा सके।
इसी प्रकार जनपद गोरखपुर में प्रभारी मंत्री धर्मपाल सिंह के द्वारा खोराबाग पूर्व माध्यमिक विद्यालय में इस अभियान का शुभारंभ किया गया। इस मौके पर उन्होंने जेई की घातकता के बारे में विस्तार से प्रकाश डाला और लोगों से इस अभियान को सफल बनाने के लिए अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का आग्रह किया। इनके अलावा प्रभारी मंत्री रमापति शास्त्री के द्वारा जनपद उन्नाव की पूरब खेरा मलिन बस्ती, सिविल लाइन में विशेष टीकाकरण अभियान आरंभ किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि तमाम प्रकार की बीमारियां दूषित वातावरण व दूषित खान-पान व गंदगी से होती है। इसलिए स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। प्रभारी मंत्री ब्रजेश पाठक द्वारा जनपद बरेली के जिला महिला चिकित्सालय में टीकाकरण का शुभारंभ किया गया। जनता में इस अभियान के प्रति काफी उत्साह दिखा और करीब 2115 बच्चों को टीके लगाए गये।

लखनऊ में राजेश अग्रवाल और स्वाति सिंह ने की अभियान की शुरुआत

इसी प्रकार जनपद लखनऊ में  जियामऊ शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पर वित मंत्री राजेश अग्रवाल तथा परिवार कल्याण मंत्री स्वाति सिंह ने टीकाकरण अभियान का शुभारम्भ किया। इनके अतिरिक्त जनपद सुल्तानपुर में मंत्री श्रीकांत शर्मा तथा सीतापुर में बाल्मीकि बस्ती में मंत्री रीता बहुगुणाजी ने टीकाकरण अभियान को हरी झंडी दिखाई। सीतापुर में टीकारण शुभारम्भ के दौरान करीब 150 बच्चों को टीके लगाए गए। जनपद सहारनपुर में लोगों में इस अभियान के प्रति खासा उत्साह देखेने मिला। दोपहर तक इस जिले में करीब 10365 से अधिक बच्चों का टीकाकरण हुआ। कार्यक्रम का शुभारम्भ राज्यमंत्री धर्म सिंह सैनी  द्वारा दलित बस्ती में किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Time limit is exhausted. Please reload the CAPTCHA.