Wednesday , July 15 2026

एसजीपीजीआई के चिकित्सकों ने वॉकथॉन के जरिये दिया प्लास्टिक सर्जरी के महत्व का संदेश

-विश्व प्लास्टिक सर्जरी दिवस पर आयोजित वॉकथॉन को विधायक डॉ राजेश्वर सिंह ने दिखायी हरी झंडी

-लखनऊ गोल्फ क्लब पर कार्यक्रम में प्रो राजीव अग्रवाल ने बताया, कैसे जीवन बदल देती है प्लास्टिक सर्जरी

सेहत टाइम्स

लखनऊ। विश्व प्लास्टिक सर्जरी दिवस के अवसर पर संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआईएमएस), लखनऊ के प्लास्टिक सर्जरी एवं बर्न्स विभाग द्वारा आज 15 जुलाई को प्रातःकाल लखनऊ गोल्फ क्लब में एक भव्य जागरूकता वॉकथॉन का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन को प्लास्टिक सर्जरी की व्यापक उपयोगिता एवं समाज में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका के प्रति जागरूक करना था। वॉकथॉन में 100 से अधिक प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। वॉकथॉन का प्रारम्भ गोल्फ रेंज से हुआ, जहाँ से प्रतिभागी ला मार्ट्स टेनिस अकादमी तक पैदल चले और वहाँ से वापस लखनऊ गोल्फ क्लब पहुँचकर लगभग एक किलोमीटर की यात्रा पूर्ण की।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. राजेश्वर सिंह, विधायक, सरोजिनी नगर विधानसभा क्षेत्र, लखनऊ ने पारंपरिक रूप से गुब्बारे उड़ाकर एवं हरी झंडी दिखाकर वॉकथॉन का शुभारम्भ किया। लखनऊ गोल्फ क्लब के सचिव रजनीश सेठी कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। प्रतिभागियों ने प्लास्टिक सर्जरी के महत्व को दर्शाने वाले आकर्षक पोस्टर एवं स्लोगन हाथों में लेकर जन-जागरूकता का संदेश दिया। वॉकथॉन में एसजीपीजीआईएमएस के संकाय सदस्य, चिकित्सक, रेज़िडेंट डॉक्टर, वार्ड एवं ऑपरेशन थिएटर की नर्सिंग टीम, तकनीशियन, गोल्फ खिलाड़ी, टेनिस खिलाड़ी, प्रातः भ्रमण करने वाले नागरिक तथा अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने सक्रिय सहभागिता की।

विकृतियों का उपचार ही नहीं, आत्मविश्वास का भी पुनर्स्थापन

इस अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि प्लास्टिक सर्जरी आधुनिक चिकित्सा की ऐसी महत्वपूर्ण शाखा है, जो केवल शरीर की विकृतियों का उपचार ही नहीं करती, बल्कि रोगियों का आत्मविश्वास, सम्मान और जीवन की गुणवत्ता भी पुनर्स्थापित करती है। जन्मजात विकृतियों, कैंसर, गंभीर जलने, सड़क दुर्घटनाओं तथा एसिड अटैक जैसी परिस्थितियों में प्लास्टिक सर्जरी नई आशा का संचार करती है। ऐसे जन-जागरूकता कार्यक्रम समाज में फैली भ्रांतियों को दूर करने और लोगों को समय पर विशेषज्ञ उपचार उपलब्ध कराने की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।

वॉकथॉन का आयोजन डॉ. राजीव अग्रवाल, प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष, प्लास्टिक सर्जरी एवं बर्न्स विभाग, एसजीपीजीआईएमएस, लखनऊ के नेतृत्व में किया गया। वॉकथॉन के उपरांत लखनऊ गोल्फ क्लब के रेस्टोरेंट में आयोजित समारोह में डॉ. राजीव अग्रवाल ने विश्व प्लास्टिक सर्जरी दिवस के महत्व पर व्याख्यान दिया। उन्होंने प्लास्टिक सर्जरी की विभिन्न उप-विशेषताओं, जैसे पुनर्निर्माण शल्य चिकित्सा, माइक्रोवैस्कुलर सर्जरी, हैंड सर्जरी, क्रैनियोफेशियल सर्जरी, बर्न्स प्रबंधन, कॉस्मेटिक सर्जरी तथा कैंसर के बाद पुनर्निर्माण की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला।

शारीरिक विकृति हो तो सलाह अवश्य लें

अपने संबोधन में डॉ. राजीव अग्रवाल ने कहा कि प्लास्टिक सर्जरी केवल सौंदर्य बढ़ाने तक सीमित नहीं है। यह ऐसी विशिष्ट चिकित्सा शाखा है जो जन्मजात विकृतियों, जलने, दुर्घटनाओं, कैंसर, हाथ की चोटों, तंत्रिका संबंधी समस्याओं तथा अनेक जटिल स्थितियों से प्रभावित मरीजों को नया जीवन, नई कार्यक्षमता और नया आत्मविश्वास प्रदान करती है। इस वॉकथॉन का उद्देश्य अस्पताल की सीमाओं से बाहर निकलकर समाज के प्रत्येक वर्ग तक यह संदेश पहुँचाना था कि आधुनिक प्लास्टिक सर्जरी हजारों लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन ला सकती है।

उन्होंने कहा कि विश्व प्लास्टिक सर्जरी दिवस हमें इस विशेषता के योगदान को समाज के सामने लाने का अवसर देता है। यदि किसी व्यक्ति को जन्मजात विकृति, जलने, दुर्घटना या कैंसर के कारण शारीरिक विकृति हुई है, तो उसे बिना संकोच विशेषज्ञ प्लास्टिक सर्जन से परामर्श लेना चाहिए। समय पर उपचार से जीवन में उल्लेखनीय परिवर्तन संभव है।