Wednesday , January 7 2026

‘सारी जिम्मेदारी स्वयं पर ले ली, लेकिन निहत्थे कारसेवकों पर गोली नहीं चलने दी’

-विधायक डॉ राजेश्वर सिंह ने कल्याण सिंह की जयंती पर अर्पित की पुष्पांजलि

सेहत टाइम्स
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की जन्म-जयंती के अवसर पर सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने सुशांत गोल्फ सिटी स्थित कल्याण सिंह चौक पहुंचकर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस अवसर पर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने श्रद्धेय कल्याण सिंह की पावन स्मृतियों को नमन करते हुए कहा कि “बाबू जी ने सिद्धांतों को सत्ता से ऊपर रखा और आस्था को हर राजनीतिक सुविधा से बड़ा मानकर अपने जीवन का पथ निर्धारित किया। श्रीराम मंदिर निर्माण की पाँच सौ वर्षों की तपस्या की पूर्णाहुति में उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने सारी जिम्मेदारी स्वयं पर ली, लेकिन निहत्थे कारसेवकों पर गोली नहीं चलने दी, जिसके लिए उन्होंने सुप्रीम कोर्ट तक का सामना किया।

विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री रहते कल्याण सिंह जी ने शिक्षा के विस्तार दिया, 20 हजार से अधिक प्राथमिक विद्यालयों की स्थापना की, नकल-विरोधी अध्यादेश लाकर उत्तर प्रदेश की डिग्रियों पर लगा नक़ल से पास होने का कलंक मिटाया। सुशासन के माध्यम से उत्तर प्रदेश को नई दिशा दी, उन्होंने यूपी एसटीएफ की नींव रखी, आज जो स्वच्छ प्रशासन दिख रहा, वे उसके आधार स्तंभ थे। उन्होंने ईमानदारी, अनुशासन और पारदर्शिता को शासन की आत्मा बनाया। विधायक ने कहा कल्याण सिंह ‘बाबू जी’ का व्यक्तित्व और कृतित्व इतना विराट है कि उनका नाम लेते ही हृदय सम्मान और कृतज्ञता से भर उठता है।

इस अवसर पर भाजपा नेता शैलेन्द्र सिंह, शंकरी सिंह, मंडल अध्यक्ष मोहित तिवारी, विवेक राजपूत , किसान नेता मदन चंद लोधी, बद्री प्रसाद, सतगुरु शरण, संजय लोधी, वीरपाल, बबलू रावत, राजकुमार रोहित, विशाल लोधी, ब्रजेश रावत, प्रिंस तिवारी, यदशुल यादव, ओम प्रकाश यादव, सुमन सिंह राठौर सहित अन्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Time limit is exhausted. Please reload the CAPTCHA.