-विश्व होम्योपैथी दिवस पर हाउस ऑफ लॉर्ड्स ब्रिटिश पार्लियामेंट में हुआ दो दिवसीय समारोह का उद्घाटन

सेहत टाइम्स
लखनऊ। होम्योपैथिक दवाओं से अब तक अनेक रोगों के उपचार को वैज्ञानिक सबूतों के साथ पेश कर चुके गौरांग क्लीनिक एंड सेंटर फॉर होम्योपैथिक रिसर्च (जीसीसीएचआर) लखनऊ के मुख्य परामर्शदाता डॉ गिरीश गुप्ता ने लंदन में अंतर्राष्ट्रीय मंच पर अपनी स्टडी प्रस्तुत कर एक बार फिर अंतर्राष्ट्रीय स्तर के वैज्ञानिकों के बीच अपना विशिष्ट स्थान बनाया है। डॉ गिरीश ने बुजुर्ग पुरुषों को होने वाली आम बीमारी prostate hypertrophy (प्रोस्टेट ग्रंथि के आकार में वृद्धि) के 33 वर्षों में किये गये 899 मरीजों के उपचार की बड़ी स्टडी अंग्रेजों की धरती पर प्रस्तुत की है।
होम्योपैथी के जनक डॉ सैमुअल हैनिमैन की जयंती के उपलक्ष्य में मनाये जाने वाले विश्व होम्योपैथी दिवस के अवसर पर यूनाइटेड किंगडम के लंदन कॉलेज ऑफ होम्योपैथी और एशियन होम्योपैथिक मेडिकल लीग के संयुक्त तत्वावधान में 10 व 11 अप्रैल को दो दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय समारोह का आयोजन किया गया। ‘होम्योपैथी के माध्यम से सद्भाव-सीमाओं से परे उपचार’ थीम वाले इस समारोह में पहले दिन 10 अप्रैल का कार्यक्रम हाउस ऑफ लॉर्ड्स ब्रिटिश पार्लियामेंट, लंदन में आयोजित किया गया। इसमें दो दिवसीय आयोजन का उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया। इस मौके पर समारोह की सह आयोजक एशियन होम्योपैथिक मेडिकल लीग के अध्यक्ष डॉ गिरीश गुप्ता को सम्मानित किया गया।
दूसरे दिन 11 अप्रैल का कार्यक्रम हीथ्रो के होटल रेडिसन रेड में आयोजित किया गया। यहां दुनिया भर के चिकित्सकों, शोधकर्ताओं की उपस्थिति में डॉ गिरीश गुप्ता ने prostate hypertrophy पर अपनी स्टडी प्रस्तुत की। ,
स्लाइड्स के जरिये प्रस्तुत स्टडी में बताया गया कि अप्रैल 1993 से मार्च 2026 तक की अवधि में कुल 899 केसेस में 756 केसेज का साक्ष्य (अल्ट्रासोनोग्राफी रिपोर्ट) सहित रिकॉर्ड मौजूद है। डॉ गिरीश ने स्पष्ट किया कि शेष 143 केसेज ऐसे हैं जो क्योर तो हुए हैं लेकिन किसी न किसी कारणों से अल्ट्रासोनोग्राफी रिपोर्ट के रूप में साक्ष्य उपलब्ध नहीं है।
प्रेजेन्टेशन में डॉ गिरीश ने प्रोस्टेट की एनोटॉमी के बारे में समझाने से लेकर मरीजों के लक्षण, उनकी पूरी हिस्ट्री में सामने आये कारणों, आदतों, उसकी प्रकृति के बारे में ली गयी जानकारी के अनुसार दवा के चयन के बारे में की गयी प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी। डॉ गुप्ता ने अपने प्रेजेन्टेशन में मॉडल केसेज भी प्रस्तुत किये।

Sehat Times | सेहत टाइम्स Health news and updates | Sehat Times