Monday , August 17 2026

बलिदानों को याद करने और आजाद भारत की प्रगति को प्रतिबिंबित करने का दिन है स्वतंत्रता दिवस

-एसजीपीजीआई में वीर शहीदों को संस्थान की ओर से दी गयी भावभीनी श्रद्धांजलि, हर्षोल्लास से मनाया गया 15 अगस्त

सेहत टाइम्स

लखनऊ। संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। संस्थान के निदेशक पद्मश्री प्रोफेसर राधा कृष्ण धीमन ने परंपरागत रूप से ध्वजारोहण किया। राष्ट्रगान के पश्चात उपस्थित संकाय सदस्यों और कर्मचारियों को उन्होने संबोधित किया। राष्ट्र की सेवा में अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर शहीदों को संस्थान की ओर से भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उन्होने कहा कि यह दिन देश की आजादी का जश्न मनाने, इसे हासिल करने के लिए किए गए बलिदानों को याद करने और आजादी के बाद से भारत की प्रगति को प्रतिबिंबित करने का दिन है।

निदेशक ने संस्थान की पिछले एक वर्ष की उपलब्धियों का लेखा जोखा प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि संस्थान ने चिकित्सा शिक्षा, शोध, नवाचार एवं उत्कृष्ट मरीज सेवाओं के क्षेत्र में देशभर में अपनी विशिष्ट एवं प्रतिष्ठित पहचान स्थापित की है। इसे NAAC A++ मान्यता, राष्ट्रीय संस्थागत रैंकिंग फ्रेमवर्क (NIRF) में 5वाँ स्थान है। इसके अलावा QS World University Rankings में वैश्विक पहचान बनायी है, इस रैंकिंग में देश के प्रमुख चिकित्सा संस्थानों में AIIMS, नई दिल्ली और PGIMER, चंडीगढ़ के बाद SGPGIMS का स्थान होना संस्थान की बढ़ती वैश्विक प्रतिष्ठा को दर्शाता है। इसी प्रकार फैकल्टी की नियुक्तियों में अभूतपूर्व प्रगति और एक बड़ी उपलब्धि पैरामेडिकल व अन्य कैडर में नई भर्तियों के लिए नियुक्तियों की प्रक्रिया शुरू करने का कार्य था, जो सफलता पूर्ण किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि सलोनी हार्ट फाउंडेशन जो congenital heart disease से ग्रस्त बच्चो को पीडियाट्रिक कार्डियोलॉजी में उत्कृष्ट चिकित्सा सेवा प्रदान करने हेतु एक बड़ी पहल है। एडवांस पीडियाटिक सेंटर का भी निर्माण कार्य चल रहा है। उन्होंने कहा कि बहुत शीघ्र ही गामा नाइफ भी संस्थान को प्राप्त हो सकेगा। इसके अलावा पूर्ण डिजिटलाइजेशन और आर्टीफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा Electronic Medical Records के माध्यम से Paperless Healthcare Ecosystem विकसित किया जा रहा है, जिससे रोगी सेवा और संचार और भी आसान और निर्बाध हो जाएगा।

इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। कॉलेज ऑफ नर्सिंग व कॉलेज ऑफ मेडिकल टेक्नोलॉजी के छात्र छात्राओं द्वारा देशभक्ति के गीत व नृत्य प्रस्तुत किए गए। संस्थान के कर्मठ सदस्यों को उनके उत्कृष्ट व उत्तम कार्य निष्पादन के लिए निदेशक द्वारा सम्मानित किया गया। इस अवसर पर संस्थान के कार्यकारी डीन प्रो मनोज जैन, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक प्रो देवेंद्र गुप्ता, चिकित्सा अधीक्षक प्रो आर हर्षवर्धन, संस्थान के संयुक्त निदेशक (प्रशासन) प्रकाश सिंह, अन्य संकाय सदस्य व वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित थे।