-केजीएमयू के प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग में आयोजित कार्यक्रम में नर्सों ने लिया बढ़-चढ़कर हिस्सा

सेहत टाइम्स
लखनऊ। यहां किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय केजीएमयू के प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग (क्वीनमेरी हॉस्पिटल) में विभागाध्यक्ष प्रो. अंजू अग्रवाल और प्रो. सुजाता देव की देखरेख में आज 24 जुलाई को स्त्री फाउंडेशन के “आनंदी मां – एक जीवन बचाओ अभियान” और “कैंसर मुक्त भारत यात्रा” के तहत एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस जागरूकता कार्यक्रम में विभाग की नर्सों द्वारा बनाये गये सर्वाइकल कैंसर के प्रति जागरूक करने वाले पोस्टर्स की प्रदर्शनी लगायी गयी। इस कार्यक्रम में लगभग 50 नर्सों ने हिस्सा लिया। ज्ञात हो सर्वाइकल कैंसर गर्भाशय के निचले हिस्से (सर्विक्स) में होता है और इसका मुख्य कारण ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (HPV) है।

डॉ अंजू अग्रवाल ने बताया कि हॉस्पिटल में आने वाली महिलाओं को विभिन्न प्रकार के पोस्टर के जरिये महिलाओं में होने वाले प्रमुख कैंसर सर्वाइकल कैंसर के प्रति जागरूक करने वाली जानकारियां दी गयी हैं। इस कार्यक्रम में पोस्टर के अतिरिक्त नुक्कड़ नाटक से भी महिलाओं को जागरूकता संदेश दिया गया। उन्होंने बताया कि विजेताओं को प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया गया।
डॉ अंजू ने बताया कि इन सभी पोस्टर को हॉस्पिटल परिसर के गलियारों के साथ ही प्रत्येक वार्ड में भी लगाया जायेगा जिससे महिलाओं को व्यापक रूप से जागरूक किया जा सके। उन्होंने कहा कि हमारा विभाग सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम, स्क्रीनिंग और इलाज के लिए सेवाएं देने के लिए प्रतिबद्ध है।

Sehat Times | सेहत टाइम्स Health news and updates | Sehat Times