-प्रो नारायण प्रसाद को सर्वश्रेष्ठ शिक्षक के लिए मिला प्रथम राज्यपाल स्वर्ण पदक
-दीक्षांत समारोह में 13 फैकल्टी, शोधकर्ता और विद्यार्थियों को कुलाधिपति ने किया सम्मानित

सेहत टाइम्स
लखनऊ। संजय गांधी पीजीआई में 30वें दीक्षांत समारोह के मौके पर शोध एवं नैदानिक उत्कृष्टता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 13 संकाय सदस्यों एवं रेज़िडेंट चिकित्सकों को सम्मानित किया गया। इस वर्ष पहली बार संस्थान के सर्वश्रेष्ठ संकाय सदस्य को विभिन्न कठोर मूल्यांकन मानकों के आधार पर वर्ष 2025–26 के लिए “राज्यपाल स्वर्ण पदक (Governor’s Gold Medal)” से सम्मानित किया गया। यह प्रतिष्ठित सम्मान नेफ्रोलाजी विभागाध्यक्ष प्रोफेसर नारायण प्रसाद को राज्यपाल आनंदीबेन पटेल द्वारा प्रदान किया गया।
प्रो नारायण प्रसाद को यह सम्मान मेडिकल शिक्षा, रिसर्च, मरीज़ों की देखभाल और संस्थान के विकास में बेहतरीन लीडरशिप के लिए उनके शानदार योगदान के कारण दिया गया। ‘सेहत टाइम्स’ के एक सवाल के जवाब में प्रो नारायण प्रसाद ने कहा कि मेरा यह मानना है कि किसी भी शिक्षण संस्थान में फैकल्टी के पास एकेडमिक ज्ञान के साथ ही प्रशासनिक, शोधकार्य में दक्षता, संस्थान की धारणा को विश्वस्तर पर आगे बढ़ाने की क्षमता, शोधकार्यों में नयी टेक्नोलॉजी को इस्तेमाल करने की क्षमता होनी चाहिये।
इसके अतिरिक्त माइक्रोबायोलॉजी विभाग के प्रोफेसर डॉ चिन्मय साहू और मॉल्यूकुलर मेडिसिन एंड बायोटेक्नोलॉजी के एडिशनल प्रोफेसर डॉ आलोक कुमार को रिसर्च इन्वेस्टिगेशन के लिए प्रो एसआर नायक पुरस्कार, न्यूरो सर्जरी के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ अभिषेक शुक्ल को रिसर्च के क्षेत्र के लिए डॉ एसएस अग्रवाल पुरस्कार, क्लीनिकल इम्युनोलॉजी एंड रुमेटोलॉजी के प्रोफेसर एंड विभागाध्यक्ष हेमेटोलॉजी विभाग डॉ एबल लॉरेन्स को, हेमेटोलॉजी के प्रोफेसर डॉ सीपी चतुर्वेदी को, इमरजेंसी मेडिसिन के एडीशनल प्रोफेसर डॉ तन्मय घटक को पुरस्कृत किया गया है।
इसके अतिरिक्त स्टूडेंट्स में मॉल्यूकुलर मेडिसिन एंड बायोटेक्नोलॉजी के पीएचडी छात्रा खुशी शुक्ला को डॉ एसएस अग्रवाल पुरस्कार, मेडिकल जेनेटिक्स से डीएम स्टूडेंट डॉ आदर्शा को प्रो आरके शर्मा पुरस्कार, एंडोक्राइन सर्जरी के एमसीएच स्टूडेंट डॉ सम्प्रति दारिया को प्रो आरके शर्मा पुरस्कार, रेडियोडायग्नोसिस की एमडी स्टूडेंट डॉ माहिम नाज को डॉ एसएस सरकार गोल्ड मेडल, एमएससी नर्सिंग की स्टूडेंट ललिता यादव को करुणा श्री गोल्ड मेडल और बीएससी नर्सिंग स्टूडेंट अमृता को आयुष्य ज्योति गोल्ड मेडल पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

Sehat Times | सेहत टाइम्स Health news and updates | Sehat Times