-बोरा इंस्टीट्यूट ऑफ एलाइड हेल्थ साइंसेज ने मनाया वार्षिकोत्सव अभिव्यक्ति 2026

सेहत टाइम्स
लखनऊ। राजधानी के नर्सिंग कॉलेज बोरा इंस्टीट्यूट ऑफ एलाइड हेल्थ साइंसेज में शुक्रवार को वार्षिकोत्सव अभिव्यक्ति-2026 के अंतर्गत रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, मेधावी विद्यार्थियों के सम्मान तथा 18वीं लैम्प लाइटिंग एंड ओथ सेरेमनी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जीएनएम, एएनएम एवं बीएससी नर्सिंग के विद्यार्थियों ने लेडी विद द लैंप के नाम से विख्यात फ्लोरेंस नाइटिंगेल से प्रेरणा लेते हुए मानव सेवा, करुणा, अनुशासन और निष्ठा के साथ अपने कर्तव्यों के निर्वहन की शपथ ली। शुभारंभ अटल बिहारी बाजपेयी चिकित्सा विश्वविद्यालय के कुलपति मेजर जनरल डॉ. अजय देवगन ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

मुख्य अतिथि भाजपा नेता डा. नीरज सिंह ने कहा कि आज नर्सिंग क्षेत्र में दक्ष प्रतिभाओं की मांग निरंतर बनी हुई है जिसका ध्यान रखते हुए विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ाई करनी चाहिए। महाविद्यालय के संस्थापक एवं लखनऊ उत्तर के विधायक डा. नीरज बोरा ने स्वास्थ्य सेवा को मानवता की सर्वोच्च सेवा मानकर समर्पित भाव से कार्य करने की प्रेरणा देते हुए नर्सिंग छात्रों को शुभकामनाएं दीं। चेयरपर्सन बिन्दू बोरा ने नैतिक मूल्यों एवं अनुशासन की महत्ता पर बल दिया। प्राचार्य डॉ. शीला तिवारी ने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं। इस अवसर पर अटल बिहारी वाजपेयी चिकित्सा विश्वविद्यालय के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डा. देवाशीष शुक्ल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. एन.बी.सिंह के अतिरिक्त शहर के गणमान्य चिकित्सक उपस्थित रहे।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का शुभारंभ गणेश वंदना से हुआ। उपशास्त्रीय संगीत, कव्वाली, बालीवुड फ्रीस्टाइल नृत्य, गरबा तथा विभिन्न राज्यों के लोकनृत्यों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। ‘चार युग’ की नाट्य प्रस्तुति एवं नारी सशक्तीकरण पर केन्द्रित कार्यक्रम विशेष आकर्षण रहे।
समारोह में उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। सर्वाधिक उपस्थिति हेतु दिव्यांशी पाल, प्रज्ञा सिंह, लवली सिंह, अर्चना सिंह, आयुष कश्यप, साक्षी चौरसिया, सौरभ प्रजापति, पायल तिवारी, नीतीश कुमार साहू, डोली यादव, अंशिका यादव एवं सविता देवी को पुरस्कार प्रदान किए गए। सर्वाधिक अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं- प्रगति, शांभवी, ध्रुव शुक्ल, विंध्यवासिनी यादव, बिनू पाल, शिवानी सिंह, आस्था अवस्थी, गुलशेहरा खातून, प्रज्ञा, आदित्य कुमार गुप्ता, आर्यन मौर्य, शिवम यादव, उन्नति सिंह, तुबा खान, विष्णुकांत एवं आकाश पाठक को भी सम्मानित किया गया। इसी श्रृंखला में इस वर्ष शिवाजी हाउस को हाउस विनर घोषित किया गया। कैप्टन दीपा सिंह एवं वाइस कैप्टन अभिषेक कृष्ण को पुरस्कृत किया गया। खेल क्षेत्र में हेड बॉय राज एवं हेड गर्ल सबनूर बानो को सम्मानित किया गया जबकि स्पेशल अवार्ड जानथन सिंह, अनिकेत मिश्रा एवं एल्हम फातिमा को प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में बोरा ग्रुप के सीईओ वत्सल बोरा, प्रो. संध्या वर्मा, प्रो. कृतिका मिश्रा, प्रो. रजनी, प्रो. मोनिका सहित शिक्षकगण तथा सुभाष चौहान, सोनम मिश्रा, अमित तिवारी, शोभित कुमार एवं शशि यादव सहित शिक्षणेत्तर कर्मी उपस्थित रहे।

Sehat Times | सेहत टाइम्स Health news and updates | Sehat Times