Sunday , June 14 2026

केजीएमयू में वाटर टैंक की सफाई करते समय करंट लगने से कर्मचारी की मौत

-वार्षिक अनुरक्षण एवं संचालन का ठेका लेने वाली कम्पनी के कर्मचारी के साथ हुआ हादसा

-केजीएमयू प्रशासन ने देय समस्त वैधानिक लाभ, क्षतिपूर्ति एवं अन्य देयताओं के लिए कम्पनी को दिये निर्देश

सेहत टाइम्स

लखनऊ। किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय KGMU के नेत्र रोग विभाग मेंं आज अंडरग्राउंड वाटर टैंक की सफाई करते समय करंट लगने से मेसर्स गोविन्द फायर सर्विसेज के कर्मचारी की मौत हो गयी।

इस सम्बन्ध में केजीएमयू के मीडिया प्रवक्ता डॉ केके सिंह ने जानकारी देते हुए बताया है कि केजीएमयू, लखनऊ जलापूर्ति व्यवस्था के वार्षिक अनुरक्षण एवं संचालन का कार्य अनुबंधित संस्था मेसर्स गोविन्द फायर सर्विसेस द्वारा किया जा रहा है। इसी क्रम में आज 14 जून को नेत्र विभाग स्थित अण्डरग्राउण्ड वाटर टैंक की सफाई कार्य करते समय अनुबंधित संस्था के कर्मचारी राहुल कुमार करंट की चपेट में आ गये। उन्होंने बताया कि जिस विद्युत उपकरण से करंट लगा है, उसे अनुबंधित संस्था द्वारा ही उपलब्ध कराया गया था।

केजीएमयू प्रशासन ने दिखायी तत्परता

उन्होंने बताया कि जैसे ही हादसे की सूचना मिली, तुरंत ही कर्मचारी को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों द्वारा उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। उन्होंने बताया कि मृतक केजीएमयू का कर्मचारी नहीं था परन्तु सूचना प्राप्त होते ही केजीएमयू के सभी प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुँचे तथा अनुबंधित संस्था मेसर्स गोविन्द फायर सर्विसेस के अधिकारियों को बुलाकर मृतक के आश्रितों को नियमानुसार देय समस्त वैधानिक लाभ, क्षतिपूर्ति एवं अन्य देयताओं के संबंध में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया तथा तत्काल वित्तीय सहायता के लिए भी संस्था को निर्देशित किया।

प्रकरण की पूरी जांच करायेगा केजीएमयू

डॉ सिंह ने बताया कि प्रकरण की पूरी जांच करायी जा रही है, यदि किसी स्तर पर लापरवाही अथवा सुरक्षा मानकों के उल्लंघन के तथ्य प्रकाश में आते हैं, तो नियमानुसार आवश्यक विधिक एवं प्रशासनिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। केजीएमयू प्रशासन इस प्रकरण की निष्पक्ष जांच एवं विधिसम्मत कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए कार्यस्थल सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा करेगा।
उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन दिवंगत कर्मचारी के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता है तथा शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी सहानुभूति प्रकट करता है।

सभी खबरों को पढ़ने के लिए हमारा फेसबुक पेज फॉलो करें  https://www.facebook.com/Sehattimes/