-हड्डी की मजबूती की जांच का यह शिविर पेन मेडिसिन ओपीडी में आयोजित किया जा रहा

सेहत टाइम्स
लखनऊ। डॉ राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान आरएमएलआई, लखनऊ में दर्द जागरूकता माह -सितम्बर ‘Pain Awareness Month -September’ के अवसर पर 17 और 18 सितंबर 2026 को दो दिवसीय नि:शुल्क ‘हड्डी की मजबूती BMD – DEXA Scan’ जांच शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर संस्थान में पेन मेडिसिन OPD, कक्ष संख्या 35, OPD-2 में सुबह 10:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक आयोजित होगा।
पेन मेडिसिन यूनिट की इंचार्ज प्रो. डॉ. शिवानी रस्तोगी ने यह जानकारी देते हुए बताया है कि बीएमडी-डेक्सा स्कैन से हड्डियों के घनत्व यानी ‘हड्डी की मजबूती’ का पता चलता है और ऑस्टियोपोरोसिस जैसी बीमारी का शुरुआती स्तर पर पता लगाया जा सकता है। ऑस्टियोपोरोसिस के कारण ही अक्सर कमर दर्द, जोड़ों का दर्द और बार-बार फ्रैक्चर की समस्या होती है।
डॉ शिवानी ने कहा है कि यह जांच 40 वर्ष से अधिक उम्र की सभी महिलाओं, 50 वर्ष से अधिक उम्र के पुरुषों, लंबे समय से स्टेरॉयड दवा लेने वाले मरीजों तथा बार-बार हड्डी टूटने या कमर/घुटने में लगातार दर्द वाले मरीजों के लिए बहुत उपयोगी है। उन्होंने कहा कि शिविर बिल्कुल नि:शुल्क रहेगा।
प्रो. शिवानी ने बताया कि डॉ. राम मनोहर लोहिया चिकित्सा संस्थान, लखनऊ की “पेन मेडिसिन MIPSI Lab” पूरे भारतवर्ष में अग्रणी स्थान रखती है और सभी प्रकार के क्रोनिक पेन रोगियों का विश्वस्तरीय उपचार यहाँ सफलतापूर्वक किया जा रहा है। साथ ही FNB Pain Medicine पाठ्यक्रम शुरू करने वाला लोहिया संस्थान, शहर का पहला संस्थान है।

Sehat Times | सेहत टाइम्स Health news and updates | Sehat Times