-एक ओपीडी भवन में और दो शताब्दी फेज 2 भवन में किये गये हैं स्थापित

सेहत टाइम्स
लखनऊ। मरीजों को किफायती एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए केजीएमयू परिसर में तीन नए एचआरएफ (Hospital Revolving Fund) दवा आउटलेट्स का शुभारंभ किया गया। इनमें एक मुख्य ओपीडी भवन के भूतल पर तथा दो शताब्दी फेज-II भवन में स्थापित किये गये हैं। इन मेडिसिन आउटलेट्स का शुभारम्भ कुलपति प्रो सोनियानंद ने किया।
यह जानकारी देते हुए मीडिया इंचार्ज प्रो. के.के. सिंह ने कहा कि एचआरएफ की यह पहल मरीजों को पारदर्शी, सुलभ और किफायती दवा सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में एक बड़ा कदम है। यह पहल विश्वविद्यालय प्रशासन की उस प्रतिबद्धता को दर्शाती है जिसके अंतर्गत प्रत्येक मरीज को गुणवत्तापूर्ण दवाएं न्यूनतम दरों पर उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय प्रशासन की प्राथमिकता है कि कोई भी मरीज आर्थिक कारणों से उपचार से वंचित न रहे। एचआरएफ पर बढ़ता जनविश्वास इस व्यवस्था की सफलता का प्रमाण है।
डॉ केके सिंह ने बताया कि केजीएमयू के बाह्य रोगी विभाग (ओपीडी) में प्रतिदिन लगभग 5,000 से 8,000 मरीज पहुंचते हैं, जो कई अवसरों पर बढ़कर लगभग 10,000 तक हो जाते हैं। मरीजों को रियायती दरों पर दवाएं सहज रूप से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मुख्य ओपीडी भवन के भूतल पर एक एचआरएफ आउटलेट प्रारंभ किया गया है। इस केंद्र पर दवाएं अधिकतम 80 प्रतिशत तक की छूट पर उपलब्ध होंगी, जिससे मरीजों एवं उनके परिजनों पर आर्थिक बोझ में उल्लेखनीय कमी आएगी। इसके अतिरिक्त शताब्दी फेज-II भवन में दो और एचआरएफ आउटलेट्स शुरू किए गए हैं — एक दूसरी मंजिल पर तथा दूसरा पांचवीं मंजिल पर। ये केंद्र विशेष रूप से वहां उपचाररत मरीजों को दवाएं एवं सर्जिकल सामग्री सीधे उपलब्ध कराएंगे, जिससे उपचार प्रक्रिया अधिक सुगम एवं समयबद्ध होगी।
उन्होंने कहा कि सभी एचआरएफ आउटलेट्स पर ऑनलाइन भुगतान की सुविधा उपलब्ध है, जिससे कैशलेस एवं सुविधाजनक लेनदेन संभव हो सके। प्रत्येक केंद्र सीसीटीवी निगरानी में संचालित हो रहा है, जिससे पारदर्शिता एवं सुरक्षा सुनिश्चित की गई है। सभी आउटलेट प्रतिदिन कम से कम 12 घंटे संचालित किए जा रहे हैं, ताकि अधिकाधिक मरीजों को लाभ मिल सके।
उन्होेंने बताया कि मरीजों की बढ़ती आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए दवाओं की उपलब्धता लगातार बढ़ाई जा रही है तथा आवश्यक जीवनरक्षक एवं सर्जिकल सामग्री का दायरा भी विस्तारित किया जा रहा है। एचआरएफ पर मरीजों का बढ़ता भरोसा इस बात का प्रमाण है कि विश्वविद्यालय प्रशासन की पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण एवं किफायती व्यवस्था जनहित में प्रभावी सिद्ध हो रही है।
वर्तमान में केजीएमयू परिसर में कुल 25 दवा आउटलेट्स संचालित हो रहे हैं। साथ ही चार नए आउटलेट्स के निर्माण कार्य की शुरुआत की जा रही है, जिनमें न्यू लारी कार्डियोलॉजी आउटलेट, सर्जरी विभाग के सामने एक नया केंद्र, कोबाल्ट यूनिट के निकट 24×7 संचालित होने वाला आउटलेट तथा जेरियाट्रिक एवं मनोरोग विभाग के लिए विशेष आउटलेट शामिल हैं।

Sehat Times | सेहत टाइम्स Health news and updates | Sehat Times