Friday , February 20 2026

उपलब्ध्यिों की टोपी में एक और पंख, राम सागर मिश्र संयुक्त चिकित्सालय में मेडिसिन में DNB कोर्स प्रारम्भ

-अस्पताल में हो रही तेजी से प्रगति में एक और महत्वपूर्ण पहल

 

सेहत टाइम्स

लखनऊ। स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में राम सागर मिश्र संयुक्त चिकित्सालय में मेडिसिन विषय में डीएनबी (Diplomate of National Board) कोर्स प्रारम्भ हो गया है, जनरल मेडिसन( General Medicine) में 3 सीटें आवंटित की गयी हैं। इस कोर्स की स्वीकृति मिलने से अब चिकित्सालय में विशेषज्ञ चिकित्सकों के प्रशिक्षण का मार्ग प्रशस्त हो गया है।

यह जानकारी देेते हुए अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ वीके शर्मा ने बताया कि जो विभाग राम सागर मिश्र संयुक्त चिकित्सालय में नहीं संचालित होता है, उन विषयों का प्रशिक्षण डॉ राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में होगा, जिसका MOU दोनों संस्थानों में हो चुका है l

डॉ शर्मा ने कहा कि मेडिसिन में डीएनबी कोर्स शुरू होने से न केवल अस्पताल में उच्च स्तरीय चिकित्सा सेवाएं सुदृढ़ होंगी, बल्कि मरीजों को बेहतर परामर्श एवं उपचार की सुविधा भी उपलब्ध होगी। अस्पताल प्रशासन ने बताया कि डीएनबी कोर्स के संचालन के लिए आवश्यक अधोसंरचना, आधुनिक उपकरण तथा अनुभवी चिकित्सकों की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। यह उपलब्धि स्वास्थ्य सेवाओं के उन्नयन की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगी।

चिकित्सालय के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि संस्थान का लक्ष्य उत्कृष्ट चिकित्सा सेवा के साथ-साथ गुणवत्तापूर्ण चिकित्सकीय शिक्षा प्रदान करना है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि डीएनबी कोर्स प्रारम्भ होने से क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक मजबूत होंगी।