-राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय लखनऊ कैम्पस में 76वें गणतंत्र दिवस का समारोह सोल्लास सम्पन्न

सेहत टाइम्स
लखनऊ। भारत का संविधान केवल अधिकारों की बात नहीं करता, बल्कि यह हमें कर्तव्यों का पालन करने के लिए भी प्रेरित करता है। स्वतंत्रता प्राप्त करना जितना महत्वपूर्ण था, उसे बनाए रखना उतना ही बड़ा कर्तव्य है।
ये विचार राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय, लखनऊ कैंपस में 76वें गणतंत्र दिवस में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल कैंपस डायरेक्टर मंजरी चंद्रा ने झंडारोहण के पश्चात संविधान के महत्व और इसकी मूलभूत संरचना पर प्रकाश डालते हुए अपने सम्बोधन में व्यक्त किये। हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाये गये समारोह में विश्वविद्यालय के फैकल्टी सदस्य, छात्रगण और प्रशासनिक स्टाफ सहित सभी ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

मंजरी चंद्रा ने राष्ट्र की एकता और अखंडता को सुनिश्चित करने और हर नागरिक को अपने कर्तव्यों का ईमानदारी और समर्पण के साथ पालन करने की अपील की। उन्होंने संविधान के मूल सिद्धांतों – स्वतंत्रता, व्यक्ति की गरिमा, समभाव और न्याय को गहराई से समझने और इन्हें अपने दैनिक जीवन में आत्मसात करने की बात कही। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि परस्पर सहयोग और बंधुता की भावना को मजबूत बनाना ही एक सशक्त और समृद्ध राष्ट्र की पहचान है।
उपस्थित लोगों द्वारा राष्ट्र के प्रति अपनी निष्ठा और कर्तव्यों को निभाने के संकल्प के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। ज्ञात हो राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय गुजरात में स्थित है तथा अनेक राज्यों में इसके रीजनल कैम्पस हैं, ऐसा ही एक कैम्पस यहां उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में डॉ शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय परिसर में पूर्ण रूप से संचालित हो रहा है। यह विश्वविद्यालय मूलत: राष्ट्र की सुरक्षा के लिए संकल्पित है, इसी दृष्टिकोण से यहां शिक्षण के क्षेत्र में अनेक पाठ्यक्रम संचालित किये जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षण एवं अन्य गतिविधियां आयोजित की जाती हैं।

Sehat Times | सेहत टाइम्स Health news and updates | Sehat Times