Monday , March 9 2026

नियमित रक्तदान से शरीर में बना रहता है आयरन का संतुलन

-अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर केजीएमयू के ट्रांंसफ्यूजन मेडिसिन विभाग की मुखिया के नेतृत्व में रक्त दान की पहल 

सेहत टाइम्स 

लखनऊ। केजीएमयू के ट्रांंसफ्यूजन मेडिसिन विभाग की हेड डॉ० तूलिका चन्द्रा ने रक्तदान के लाभ बताते हुए कहा है कि स्वस्थ व्यक्ति प्रत्येक तीन माह में रक्तदान कर सकता है। रक्तदान करने के अनेक लाभ है। नियमित रक्तदान से शरीर में आयरन का संतुलन बना रहता है, जिससे 5 प्रतिशत हृदय रोगों का खतरा कम हो सकता है।

प्रो० तूलिका चन्द्रा ने यह बात अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रक्तदान करते हुए कही। उन्होंने कहा कि रक्तदान के बाद शरीर कुछ ही दिनों में नया रक्त बनाना शुरू कर देता है, जिससे रक्त निर्माण प्रकिया सकिय रहती है। रक्तदान के पश्चात् रक्तदाता के रक्त की विभिन्न प्रकार की जांचें जैसे HIV, HCV, HBsAg, Syphilis, Malaria इत्यादि निःशुल्क की जाती है। रक्तदान करने से शरीर में नयी स्फूर्ति जागृत होती है क्योंकि हमारी अस्थिमज्जा नयी और ताकतवर रक्त कोशिका का निर्माण करती है।

डॉ तूलिका ने कहा कि इस रक्तदान का मुख्य उद्देश्य विशेष रूप से A+ (Positive) एवं AB+ (Positive) ब्लड ग्रुप के मरीजों की सहायता करना है। ज्ञात हो केजीएमयू के ब्लड बैंक में इन दोनों ग्रुप के रक्त की काफी कमी हो गई है। उन्होंने बताया कि विभाग के चिकित्सकों एवं कर्मचारियों द्वारा किया गया यह रक्तदान विशेष रूप से महिला मरीजों एवं अन्य मरीजों के उपचार में सहायक सिद्ध होगा। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर की गई यह पहल समाज में महिलाओं की संवेदनशीलता, सेवा भावना एवं सामाजिक उत्तरदायित्व का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करता है।

डॉ तूलिका ने बताया कि ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन विभाग के चिकित्सक, रेजीडेन्ट्स एवं कर्मचारियों ने जनसेवा में रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त आपूर्ति करने में योगदान दिया। उन्होंने बताया कि उनके साथ ही आकृति मिश्रा, डॉ० किसलय मिश्रा, डॉ० शिवम आजाद, डॉ० विजय प्रताप, डॉ० अनुराग कुमार, भूपेन्द्र कुमार चौधरी, दीपांशु यादव, अनूप कुमार, पारुल गुप्ता आदि चिकित्सकों एवं कर्मचारियों द्वारा स्वैच्छिक रक्तदान किया गया।

विभाग की महिलाओं ने जनसेवा की भावना के साथ आगे आकर रक्तदान कर अस्पताल में भर्ती जरूरतमंद मरीजों की सहायता करने का प्रयास किया है।

इस अवसर पर प्रो० के० के० सिंह, अधिष्ठाता, पैरामेडिकल संकाय, के०जी०एम०यू०, लखनऊ ने कहा कि इस पूरे सप्ताह किंग जार्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय, उ०प्र०, लखनऊ के A+ (Positive) एवं AB+ (Positive) ब्लड ग्रुप के चिकित्सकों, एमबीबीएस, बीडीएस, नर्सिंग एवं पैरामेडिकल छात्र/छात्राओं द्वारा रक्तदान कर मरीजों की मदद के लिए पूर्ण योगदान दिया जायेगा।