Wednesday , October 11 2023

मुम्‍बई पहुंचने पर कंगना को किया जा सकता है होम क्‍वारंटाइन

-7 दिन से कम रुकने और वापसी का टिकट होने पर नहीं लागू होगा यह नियम

मुंबई/लखनऊ।  बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत ने शिवसेना नेता संजय राउत द्वारा उनके ‘हरामखोर लड़की’ वाले बयान के बाद चुनौती देते हुए कहा था कि वह 9 सितम्‍बर को मुम्‍बई आ रही हूं, माना जा रहा है कंगना के मुम्‍बई पहुंचने पर उन्‍हें 14 दिन के लिए होम क्‍वारंटाइन किया जा सकता है। हां यह जरूर है कि 7 दिन से कम के लिए अगर कोई मुम्‍बई में रुकने के लिए आता है तो उसे होम क्‍वारंटाइन नियम से अलग रखा जाता है।


आपको बता दें कि मुंबई बीएमसी के कोविड-19 के नियम के अनुसार एयरलाइन से मुंबई दाखिल होने वाले सभी लोगों को होम क्वारंटाइन किया जाता है। ऐसे में कंगना रनौत को मुंबई में 9 सितंबर में आने के बाद 14 दिन होम क्वारांटाइन रहना होगा। यदि कंगना 7 दिन से कम मुम्‍बई में रुकती है तो नियम के अंतर्गत उसे छूट दी जानी चाहिये। ज्ञात हो ठीक ऐसा ही तब हुआ था जब सुशांत सिंह केस की जांच करने के लिए बिहार के आईपीएस अधिकारी विनय तिवारी मुम्‍बई आए थे। उन्‍हें भी होम क्‍वारंटाइन किया गया था, जिसे लेकर बहुत हो-हल्‍ला हुआ था।


नियम के तहत यह भी है कि कोविड प्रोटोकॉल के तहत मुंबई आने वाला शख्‍स अगर 7 दिन के अंदर वापस जा रहा है और उसके पास अगर वापसी की कन्फर्म टिकट है तो ऐसे लोगों को होम क्वारंटाइन नहीं किया जाता है। ऐसे में अगर कंगना 7 दिन से ज्यादा दिन के लिए मुंबई में रुकेंगी तो बीएमसी, एयरपोर्ट पर ही कंगना के हाथ पर स्‍टांप लगाकर उनको होम क्वारंटाइन कर सकती है।