-केजीएमयू ने कहा कि इस धनराशि से 100 गरीब मरीजों की होगी नि:शुल्क रोबोटिक सर्जरी

सेहत टाइम्स
लखनऊ। आज किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) में एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम के तहत इंडियन बैंक की सीएमडी विश्वविद्यालय पहुँचीं और उन्होंने बैंक के कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) फंड से ₹50,00,000 का योगदान प्रदान किया। इस राशि का उद्देश्य केजीएमयू में रोबोटिक सर्जरी को गरीब एवं जरूरतमंद मरीजों के लिए मुफ्त अथवा अत्यंत किफायती दरों पर उपलब्ध कराना है।
केजीएमयू के मीडिया प्रवक्ता डॉ केके सिंह द्वारा यह जानकारी देते हुए बताया गया है कि कुलपति प्रोफेसर सोनिया नित्यानंद के प्रयासों से इंडियन बैंक के अधिकारियों ने रोबोटिक सर्जरी के लिए सीएसआर फंड के माध्यम से यह सहयोग देने पर सहमति व्यक्त की। उन्होंने कहा कि केजीएमयू में रोबोटिक सर्जरी की शुरुआत भी प्रोफेसर सोनिया नित्यानंद के ही प्रयासों का परिणाम है। उनके नेतृत्व में दो रोबोटिक सर्जरी सिस्टम विश्वविद्यालय में स्थापित हुए और इसके माध्यम से सर्जरी प्रारम्भ हुई।
वर्तमान समय में केजीएमयू में रोबोटिक सर्जरी प्राइवेट सेक्टर की तुलना में लगभग चौथाई लागत पर तथा पीजीआई की तुलना में लगभग आधी लागत पर की जा रही है। इसके बावजूद कुछ ऐसे मरीज होते हैं जो इन सब्सिडाइज्ड दरों पर भी सर्जरी कराने में सक्षम नहीं होते।
ऐसे जरूरतमंद मरीजों को ध्यान में रखते हुए वाइस चांसलर के प्रयासों के परिणामस्वरूप इंडियन बैंक से यह सीएसआर डोनेशन प्राप्त हुआ है। इस सहयोग से उम्मीद है कि 100 से अधिक गरीब मरीजों की रोबोटिक सर्जरी निशुल्क कराई जा सकेगी, जिससे 100 से अधिक परिवारों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।

Sehat Times | सेहत टाइम्स Health news and updates | Sehat Times