Wednesday , October 11 2023

दशहरा उत्‍सव का सजा था मंच, महिलाओं की भीड़ देख डॉक्‍टर ने कहा…

दशहरा महोत्‍सव के साथ ही किया गया स्‍तन कैंसर के प्रति जागरूक 

लखनऊ। उत्‍तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में दशहरा कई जगह मनाया गया। इसी क्रम में दशहरा और रावण दहन से कुछ अलग हटकर चांसलर क्लब, आशियाना में दशहरा महोत्सव के साथ ही स्तन कैंसर जागरूकता अभियान का भी आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय,  लखनऊ की स्तन रोग विशेषज्ञ डॉ गीतिका नंदा सिंह द्वारा जिजीविषा सोसायटी एवं आरोग्य भारती के साथ मिलकर किया।

 

इस अवसर पर डॉ गीतिका नंदा सिंह ने बताया कि इस आयोजन में तकरीबन 2,000 लोगों ने हिस्सा लिया जिनमें ज्यादातर महिलाएं थीं अतः यह उपलक्ष्य महिलाओं को जागरूक करने के लिए उचित मंच था। उन्‍होंने कहा कि स्तन कैंसर भारतवर्ष और विश्व में सबसे सामान्य कैंसर है और यह कैंसर महिलाओं में कैंसर से होने वाली मृत्यु की सबसे सामान्य वजह भी है।

 

हर साल भारत में 1,62,468 महिलाओं को स्तन कैंसर का निदान (डायग्‍नोस)  होता है और 87,090 महिलाओं की इसके वजह से मृत्यु होती है, जबकि स्तन सतही अंग होने के कारण इसका निदान अग्रिम अवस्था में ही किया जा सकता है।

 

इस कार्यक्रम में लखनऊ की महापौर संयुक्ता भाटिया विशिष्ट अतिथि थीं और उन्होंनें अपने सम्‍बोधन में महिलाओं को जागरूक किया। डॉ गीतिका नंदा सिंह ने भी महिलाओ को स्वयं स्तन कैंसर परीक्षण और वार्षिक मेमोग्राफी कराने को कहा।

 

इसके अतिरिक्त इसी प्रोग्राम के अंतर्गत एक फैशन शो ब्‍यूटी विद ब्रेन का भी आयोजन किया गया था। जिसके जज मिसेज इंडिया क्वीन 2017 और मिसेज यूपी 2016 गीतांजलि‍ सिंह और म्यूजिक डायरेक्टर और गायिका अनुपमा राग भी उपस्थित रहीं।