-आईएमए लखनऊ के प्रतिनिधिमंडल ने की योगी आदित्यनाथ से मुलाकात

सेहत टाइम्स
लखनऊ। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन, लखनऊ ने क्लीनिक, अस्पतालों तथा चिकित्सा संस्थानों के लिए पंजीकरण की अवधि एक वर्ष से बढ़ाकर पांच वर्ष किये जाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताया है, साथ ही आईएमए लखनऊ के लिए नवीन एवं विस्तृत भवन निर्माण की आवश्यकता जताते हुए उपयुक्त भूमि के आवंटन का अनुरोध किया है। इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री को झोलाछाप डॉक्टरों की गतिविधियों पर अंकुश लगाने का एक प्रस्ताव विचारार्थ प्रस्तुत किया गया।
आईएमए लखनऊ की सचिव डॉ श्वेता श्रीवास्तव ने बताया कि अध्यक्ष डॉ मनोज कुमार अस्थाना के नेतृत्व में आईएमए लखनऊ के एक प्रतिनिधिमंडल ने 19 अप्रैल को मुख्यमंत्री से भेंट की। प्रतिनिधिमंडल मे सचिव डॉ श्वेता श्रीवास्तव, कार्यकारिणी सदस्य डॉ. अमित अग्रवाल, डॉ. अमित मदान एवं डॉ. आर.बी. सिंह भी उपस्थित रहे।
सचिव डॉ श्वेता ने बताया कि आईएमए ने आभार जताते हुए कहा कि पंजीकरण अवधि बढ़ाने का यह कदम स्वास्थ्य सेवा प्रदाताओं के लिए अत्यंत आवश्यक राहत और स्थिरता लेकर आया है। प्रस्ताव में इस विषय पर समन्वित समिति गठित करने का अनुरोध किया है। झोलाछाप डॉक्टरों पर अंकुश लगने से चिकित्सक समुदाय एवं आमजन दोनों को लाभ प्राप्त होगा। जो मरीज़ों की सुरक्षा और नैतिक चिकित्सा सेवा के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।
डॉ श्वेता ने बताया कि मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरतापूर्वक सुना तथा जनहित और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े विषयों पर आवश्यक कार्यवाही के लिए सकारात्मक आश्वासन दिया।

Sehat Times | सेहत टाइम्स Health news and updates | Sehat Times