-पूरे हर्षोल्लास और भक्तिमय वातावरण में सच्चिदानंद आश्रम मंदिर में मनाया गया प्रभु श्रीराम का प्राकट्योत्सव
सेहत टाइम्स
लखनऊ। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम के प्राकट्य दिवस राम नवमी का समारोह यहां मोहम्मदपुर मजरा में ऋषि विहार कॉलोनी, सच्चिदानंद आश्रम स्थित मंदिर में पूरे हर्षोल्लास और भक्तिमय वातावरण में मनाया गया। इस मौके पर 26 मार्च को प्रात: श्री राम चरित मानस का अखण्ड पाठ प्रारम्भ हुआ, जो 27 मार्च को सम्पन्न हुआ। इसके पश्चात भजन, हवन, आरती के साथ ही भंडारे का आयोजन कर प्रसाद का वितरण किया गया।
विशेष बात यह रही कि अभाव पर आस्था उस समय भारी पड़ी जब रसोई गैस सिलिंडर की कमी का असर भंडारे पर पड़ता दिखायी दिया, जिसके चलते भंडारा तैयार करने वाले कारीगरों ने हाथ खड़े कर दिये, ऐसे समय में मंदिर की देखरेख करने वाले पुजारी शिव कुमार ने पहल कर स्वयं श्रमदान का प्रस्ताव देते हुए सुझाव दिया कि प्रसाद भट्ठी पर ही तैयार किया जाये, बस फिर क्या था देखते ही देखते अनेक पुरुष-महिला भक्तों ने श्रमदान करते हुए भंडारे का प्रसाद तैयार कर दिया। इसके पश्चात भोग लगाकर भक्तों को प्रसाद वितरित किया गया।
क्षेत्रीय भक्तों के सहयोग से आयोजित इस समारोह में विशेष रूप से एडवोकेट महेन्द्र नाथ पाण्डेय, कमलेश यादव, जितेन्द्र यादव, सूर्यश्याम पाण्डेय, विपिन पाठक, राजीव कुमार, संतोष तिवारी, अजय सिंह (दारोगाजी), विजया मैडम, डी.पी. सिंह के साथ सेहत टाइम्स के सम्पादक धर्मेन्द्र सक्सेना का विशेष सहयोग रहा।

Sehat Times | सेहत टाइम्स Health news and updates | Sehat Times