-बीकेटी के रामसागर मिश्रा संयुक्त चिकित्सालय में हुआ पहला घुटना प्रत्यारोपण
-अस्पताल को एक के बाद एक हासिल उपलब्धियों के गुलदस्ते में एक और फूल

सेहत टाइम्स
लखनऊ। बीकेटी, साढ़ामऊ स्थित रामसागर मिश्रा संयुक्त चिकित्सालय में हासिल की जा रही एक के बाद एक उपलब्धियों के फूलों से सज रहे गुलदस्ते में आज 9 दिसम्बर को एक और फूल लग गया, अब अस्पताल ने घुटना प्रत्यारोपण भी शुरू कर दिया है। अपर निदेशक लखनऊ मंडल व सिविल अस्पताल के आर्थोपैडिक्स सर्जन डॉ. जीपी गुप्ता ने राम सागर मिश्र संयुक्त चिकित्सालय में बुजुर्ग मरीज का घुटना प्रत्यारोपण किया। प्रत्यारोपण के बाद मरीज की स्थिति में सुधार है।
अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ वीके शर्मा ने यह महत्वपूर्ण जानकारी देते हुए बताया कि इंटौजा राजापुर गांव निवासी 64 वर्षीय बुजुर्ग के दाहिने घुटने में भीषण दर्द हो रहा था। करीब पांच साल से वह दर्द के साथ जी रहे थे। बुजुर्ग को चलने-फिरने में दिक्कत थी। परिवारीजनों ने कई स्थानीय अस्पताल में दिखाया। बुजुर्ग को फायदा नहीं हुआ। थकहार कर परिवारीजन मरीज को लेकर तीन दिसंबर को राम सागर मिश्र चिकित्सालय ले गए। यहां हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. अशोक कुमार ने ओपीडी में मरीज को देखा, जरूरी जांचें कराई। जांच में ऑस्टियो आर्थराइटिस की पुष्टि हुई। उन्होंने घुटना प्रत्यारोपण की सलाह दी। जिस पर परिवारीजन घुटना प्रत्यारोपण को राजी हुए।
सीएमएस डॉ. वीके शर्मा ने बताया कि निदेशक लखनऊ मंडल व आर्थोपैडिक्स सर्जन डॉ. जीपी गुप्ता ने बीते दिनों अस्पताल का राउंड लिया। इसी दौरान घुटना प्रत्यारोपण को लेकर चर्चा हुई। डॉ. गुप्ता ने घुटना प्रत्यारोपण की पहल की। मंगलवार को डॉ. जीपी गुप्ता व डॉ. अशोक कुमार ने मिलकर मरीज का घुटना प्रत्यारोपण किया। डॉ. जीपी गुप्ता ने बताया कि अब अस्पताल में नियमित रूप से घुटना प्रत्यारोपण होंगे। उन्होंने बताया कि राम सागर मिश्र चिकित्सालय में पहली बार घुटना प्रत्यारोपण हुआ है। यह प्रयास लगातार जारी रहेगा। इससे बीकेटी के आस-पास के मरीजों को घुटना प्रत्यारोपण के लिए निजी अस्पताल व दूर दराज के सरकारी अस्पतालों की तरफ रुख नहीं करना पड़ेगा।
ऑपरेशन करने वाली टीम में डॉ. सुशील प्रकाश और डॉ. अशोक कुमार ऑर्थोपेडिक सर्जन और डॉ. यू.एस. लाल, डॉ. सुमित महाराज( चिकित्सा अधीक्षक) एनेस्थेटिक एवं सिस्टर ललिता मिश्रा व अन्य शामिल थे।

Sehat Times | सेहत टाइम्स Health news and updates | Sehat Times