-डॉक्टर दम्पति रहे मुख्य यजमान, अयोध्या के आचार्य ने कराया पूजा-पाठ, भंडारा में भक्तों ने ग्रहण किया प्रसाद

सेहत टाइम्स
लखनऊ। ग्राम बनौगा, अटरिया (सीतापुर) स्थित सर्वदेव धन्वन्तरि मंदिर में आज 16 फरवरी को क्षीरसागर में शेषनाग की शय्या पर लेटे हुए मुद्रा वाले भगवान विष्णु की प्रतिमा का प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम पूर्ण विधि-विधान के साथ सम्पन्न हुआ। बख्शी का तालाब से 8 किलोमीटर आगे स्थित इस मंदिर का निर्माण 2018 में वरिष्ठ शल्य चिकित्सक डॉ रमा श्रीवास्तव ने कराया था।





अयोध्या से आये आचार्य महेन्द्र पाण्डेय ने मंत्रोच्चार के साथ सम्पन्न कराया। प्राण प्रतिष्ठा पूजा में मुख्य यजमान डॉ मनोज अस्थाना व डॉ रमा श्रीवास्तव (दम्पति) ने पूर्ण मनोयोग से मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा करके अपने जीवन को धन्य किया। आचार्य महेन्द्र पाण्डेय ने प्राण प्रतिष्ठा की प्रक्रिया को श्रद्धा, भक्ति व उल्लास के वातावरण के बीच में पूर्ण कराया। प्राण प्रतिष्ठा की प्रक्रिया में रोमांचित करने वाला एक पल ऐसा भी आता है जब मूर्ति की आंखों पर बंधी पट्टी को खोलकर यजमान से कहा जाता है कि वे मूर्ति को आईना दिखायें, यह ईश्वर की महिमा ही है कि पट्टी खोलते ही आईना चटख जाता है, यहां भी ऐसा ही हुआ। इसके पश्चात मूर्ति को स्नान कराने के बाद भगवान विष्णु को काजल लगाया गया ताकि किसी भक्त की नजर न लगे। पुष्प आदि से भगवान की पूजा करते हुए उन्हें भोग लगाया गया, आरती की गयी। उसके पश्चात हवन के लिए निर्धारित स्थान पर पूरे विधि-विधान से हवन किया गया। इसके पश्चात भगवान के समस्त स्वरूपों, देवी-देवताओं की आरती की गयी। प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के अवसर पर भंडारा का भी आयोजन किया गया जिसमें भक्तों ने प्रेमपूर्वक प्रसाद ग्रहण किया।
इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से जिन लोगों ने भाग लिया उनमें इंदिरा नगर स्थित भूतनाथ आश्रम के वर्तमान गद्दीनशीन बाबा रुद्रनाथ, AGA HC राजीव रंजन, डॉ एके सिंह, डॉ मनोज कुमार श्रीवास्तव, डॉ रमा शंखधर, वीना सक्सेना, सुनीता सक्सेना, प्रो सुधीर कुमार डीन मेयो मेडिकल इंस्टीट्यूट, डॉ कुसुम राय, रचना श्रीवास्तव, कुमकुम टंडन, चीफ इंजीनियर हाईडिल सुधीर शरण, एंडोलाइट के सीईओ बीरेन्द्र कुमार के साथ ही स्थानीय निवासी भी शामिल रहे।
