Wednesday , October 11 2023

ब्‍लैक फंगस बरपा रहा है कहर, चार और लोगों की सांसें थमीं, 24 नये मरीज मिले

-म्‍यूकरमाइकोसिस से ग्रस्‍त 17 मरीजों की केजीएमयू में हुई सर्जरी

सेहत टाइम्‍स ब्‍यूरो

लखनऊ। कोरोना का कहर जहां थोड़ा थमा है वहीं कोरोना के बाद पायी जा रही बीमारी ब्लैक फंगस  (म्‍यूकरमाइकोसिस) के नए मरीजों का मिलना उनके भर्ती होने का सिलसिला लगातार जारी है। बुधवार को बीते 24 घंटों में अकेले केजीएमयू में 21 नए रोगियों को भर्ती किया गया, जबकि लोहिया संस्थान में एक मरीज भर्ती हुआ। केजीएमयू में 17 रोगियों की सर्जरी भी हुई, वहीं 4 गम्‍भीर मरीजों की मृत्यु भी हो गयी।

प्रवक्ता डॉ.सुधीर सिंह ने बताया कि म्‍यूकरमाइकोसिस के मरीजों के अस्‍पताल में भर्ती होने का क्रम जारी है, सभी को भर्ती किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अतबक केजीएमयू में 170 मरीजों को भर्ती किया जा चुका है। इलाज में एंफोटेरेसिन बी इंजेक्शन भी दिये जा रहें हैं वहीं जरूरत पड़ने पर सर्जरी भी की जा रही है। बुधवार को 17 मरीजों की सर्जरी की गई है। वहीं लोहिया संस्थान के डॉ.श्रीकेश ने बताया कि एक नया मरीज भर्ती हुआ है वहीं एक मरीज की मृत्यु हुई है। अस्पताल में कुल 20 मरीज भर्ती हैं। इसी प्रकार चंदन हास्पिटल में भी दो मरीजों के भर्ती होने की जानकारी प्राप्त हुई है।