Wednesday , October 11 2023

सामूहिक नमाज पढ़ने से मना करने पर पुलिस पर हमला, 23 नमाजी गिरफ्तार

– बहराइच में दो थाना क्षेत्रों में हुईं घटनायें, दो दारोगा सहित छह पुलिसकर्मियों को चोटें आयीं

-मुस्लिम धर्मगुरुओं की अपील को नजरंदाज कर मस्जिद में सामूहिक रूप से पढ़ी नमाज

बहराइच/लखनऊ। मुस्लिम धर्मगुरुओं की मस्जिद में नमाज न पढ़ने की अपील को भी नजरंदाज करते हुए बहराइच में नमाजी मस्जिद में इकट्ठा हुए। यहां के दो थाना क्षेत्रों में लॉकडाउन तोड़ते हुए नमाज पढ़ने के लिए एकसाथ इकट्ठा होने का विरोध करने पर नमाजियों ने पुलिस पर हमला कर दिया। घटना को लेकर 23 नमाजियों को गिरफ्तार किया गया है, 32 नमाजियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इनमें एक स्‍थान पर हमले में दो दारोगा सहित छह पुलिसकर्मियों को चोटें आयी हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार पहली घटना में बौंडी थाना क्षेत्र में दिहवाकला स्थित मस्जिद में नमाज पढ़ने की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो नमाजियों ने सिपाहियों पर हमला बोल दिया। हमले की जानकारी पाकर भारी संख्या में पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई। 23 नमाजियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

एसओ के अनुसार मौलाना सईद, गुल्लऊ, इरफान, सद्दाम, अनवर अली, मो. अतीक, मो. सईद, जाकिर, ताज मोहम्मद, हजरद्दीन, ताहिर, ननकऊ, लुकमान, नफीस, इसारत, जाकिर, बदलू, अलीयार, सद्दीक, सूफियान, लल्लन, जाबिर अली, अली मोहम्मद के खिलाफ लॉकडाउन उल्लंघन व जानलेवा हमले समेत कई अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।

दूसरी घटना में खैरीघाट थाना के तेलियनपुरवा में शुक्रवार दोपहर में मस्जिद में लॉकडाउन का उल्लंघन कर मौलवी सहित नौ लोगों ने नमाज अता की। इसी दौरान गश्त पर निकले उपनिरीक्षक विनोद सिंह, गजेन्द्र पांडेय पुलिस बल के साथ मस्जिद के पास पहुंचे और नमाजियों से पूछताछ करने लगे। जिस पर नमाजी पुलिस से भिड़ गए। पुलिस टीम पर डंडों से हमला कर दिया। जमकर पथराव किया। जिसके चलते उपनिरीक्षक विनोद सिंह, गजेन्द्र पांडेय, सिपाही प्रभाकर गुप्ता, अमित कुमार, रोशन कुमार, अवधवीर को चोटें आ गईं। इसकी सूचना तत्काल एसएचओ पंकज कुमार सिंह को दी गई। वह भारी पुलिस बल के साथ पहुंचे। तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। एसपी डॉ. विपिन कुमार मिश्रा के अनुसार आरोपियों के खिलाफ लॉकडाउन के उल्लंघन, हत्या के प्रयास, सरकारी कार्य में बाधा, पथराव, बलवा और एपेडेमिक ऐक्ट में केस दर्ज कर लिया गया है।