-डिप्लोमा फार्मासिस्ट राजपत्रित संगठन के प्रतिनिधिमंडल की अपर मुख्य सचिव के साथ बैठक

सेहत टाइम्स
लखनऊ। डिप्लोमा फार्मासिस्ट राजपत्रित संगठन के प्रतिनिधिमंडल की अपर मुख्य सचिव (एसीएस) अमित घोष के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक में संगठन की सात-सूत्रीय मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई, जिसमें एसीएस का रुख संवेदनशील और सकारात्मक रहा।
इस बात की जानकारी देते हुए प्रदेश प्रवक्ता राजीव कुमार ने कहा है कि संगठन के प्रदेश अध्यक्ष जे. के. सचान एवं प्रदेश महामंत्री प्रद्युम्न सिंह ने संयुक्त रूप से एसीएस की मुक्त कंठ से सराहना करते हुए कहा कि, उन्होंने न केवल हमें भरपूर समय दिया, बल्कि हमारी प्रत्येक समस्या को एक अभिभावक की भांति सुना और समाधान का मार्ग प्रशस्त किया।
संगठन की ओर से प्रदेश प्रवक्ता एवं जिला अध्यक्ष लखनऊ, राजीव कुमार ने एसीएस के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि एसीएस ने मांगों पर जो सैद्धांतिक सहमति व्यक्त की है और समस्याओं को सुलझाने का जो भरोसा दिलाया है, उसके लिए हम उनका आभार प्रकट करते हैं।
राजीव ने बताया कि बैठक में पदनाम परिवर्तन, वेतन विसंगति, कैडर रिव्यू और चिकित्सा प्रतिपूर्ति जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर ठोस चर्चा हुई। एसीएस ने मौके पर ही निदेशक पैरामेडिकल डॉ. संजू अग्रवाल को निर्देशित किया कि वे इन मांगों से संबंधित विस्तृत प्रस्ताव अविलंब शासन को प्रेषित करें। बैठक में चिकित्सा अनुभाग-7 की अनुभाग अधिकारी सहित अनुभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
इनके अलावा बैठक में जे. के. सचान के साथ आर. के. वर्मा (अध्यक्ष, राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद), प्रद्युम्न सिंह (प्रदेश महामंत्री, डिप्लोमा फार्मासिस्ट राजपत्रित संगठन), राजीव कुमार (प्रदेश प्रवक्ता, डिप्लोमा फार्मासिस्ट राजपत्रित संगठन उ.प्र. एवं जिला अध्यक्ष, लखनऊ), संजय श्रीवास्तव (वरिष्ठ उपाध्यक्ष) एवं प्रदेश कोषाध्यक्ष श्रवण चौधरी उपस्थित रहे।

Sehat Times | सेहत टाइम्स Health news and updates | Sehat Times