-विश्व कैंसर दिवस पर सिगरेट एवं अन्य मादक पदार्थों के सेवन से उत्पन्न गंभीर स्वास्थ्य दुष्प्रभावों पर प्रकाश डाला गया

सेहत टाइम्स
लखनऊ। विश्व कैंसर दिवस–2026 के अवसर पर आज 4 फरवरी को किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय में जनसामान्य में कैंसर जैसी घातक बीमारी के प्रति जागरूकता एवं उसके प्रभावी बचाव के उद्देश्य को लेकर एक भव्य जनजागरूकता वॉकथॉन का आयोजन किया गया।
प्रशासनिक भवन परिसर में प्रातः 9:00 बजे से आयोजित इस वॉकथॉन में प्रो० रश्मि कुशवाहा (अधिष्ठाता, छात्र कल्याण), प्रो० के०के० सिंह (अधिष्ठाता, पैरामेडिकल विज्ञान संकाय) ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कैंसर के बढ़ते मामलों पर चिंता व्यक्त की तथा तंबाकू, सिगरेट एवं अन्य मादक पदार्थों के सेवन से उत्पन्न गंभीर स्वास्थ्य दुष्प्रभावों पर प्रकाश डाला।
उन्होंने कैंसर सहित विभिन्न जनस्वास्थ्य संबंधी रोगों से बचाव के लिए स्वस्थ जीवनशैली, नियमित स्वास्थ्य जांच एवं जागरूकता को अत्यंत आवश्यक बताया।
इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों को नशामुक्त एवं स्वस्थ जीवन अपनाने की सामूहिक शपथ दिलाई गई तथा विभिन्न प्रकार के कैंसर, उनके कारणों, लक्षणों एवं रोकथाम के उपायों की जानकारी प्रदान की गई।
इस मौके पर प्रो० भास्कर अग्रवाल, प्रो० तीर्थ राज वर्मा एवं डा० पूजा शर्मा (सहायक अधिष्ठाता, छात्र कल्याण) की उपस्थिति के साथ विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों से लगभग 250–300 छात्र-छात्राओं, रेजीडेंट्स, संकाय सदस्यों एवं कर्मचारियों ने अत्यंत उत्साह, अनुशासन एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना के साथ सहभागिता की।

Sehat Times | सेहत टाइम्स Health news and updates | Sehat Times