Saturday , November 28 2026

युवाओं में बढ़ते हार्ट अटैक के खतरे को कम करने के लिए ‘6-S फॉर्मूला’ अपनाने की सलाह

-कानपुर के हृदय रोग संस्थान में प्रोफेसर डॉ. अवधेश शर्मा से ‘सेहत टाइम्स’ की विशेष वार्ता

डॉ. अवधेश शर्मा

सेहत टाइम्स

लखनऊ। कभी अधेड़ और बुजुर्ग उम्र की समस्या माने जाने वाले हार्ट अटैक का खतरा 20–30 साल के युवाओं में भी बढ़ रहा है। जिसकी बड़ी वजह आज की भागदौड़, गलत खान-पान, तनाव और बदलती जीवनशैली है, शहरी और कस्बाई दोनों क्षेत्रों में हृदय संबंधी मामलों में होती वृद्धि यह दर्शाती है कि आज की बदलती आदतें दिल की सेहत पर गहरा असर डाल रही हैं। ऐसे में अगर युवा आज से ही कुछ सरल 6-S बातों को अपना लें, तो हार्ट अटैक के जोखिम को काफी हद तक कम किया जा सकता है।”

यह महत्वपूर्ण जानकारी सीनियर कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. अवधेश शर्मा ने सेहत टाइम्स के साथ एक विशेष वार्ता में दी। डॉ अवधेश शर्मा वर्तमान में कानपुर ​स्थित हृदय रोग संस्थान में प्रोफेसर कार्डियोलॉजी पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने कहा कि जिन छह सूत्रीय फॉर्मूले की सलाह दी जा रही हैं, वे विभिन्न शोधों और उनके स्वयं के चिकित्सीय अनुभव पर आधारित है। उन्होंने सलाह दी कि युवाओं को दैनिक स्तर पर बचाव की आदतें अपनाने में मदद करने के लिए स्वस्थ दिल के लिए 6-S फॉर्मूला की प्रमुख बातें इस प्रकार हैं:

S-1 :  सिंपल डाइट –सादा भोजन:

संतुलित और कम नमक वाला खाना खाएं। जंक फूड, तला-भुना और ज्यादा नमक-चीनी से बचें। घर का पौष्टिक भोजन रक्त वाहिकाओं की सुरक्षा और वजन व चयापचय संतुलन बनाए रखने में अहम भूमिका निभाता है।

S-2:  सिस्टमैटिक एक्सरसाइज -रोज व्यायाम :

रोज 30 मिनट टहलना, दौड़ना या योग करना दिल को मजबूत रखता है। नियमित शारीरिक गतिविधि से रक्त संचार बेहतर होता है, हृदय की मांसपेशियां मजबूत होती हैं और लंबे समय तक बैठे रहने के दुष्प्रभाव कम होते हैं।

S-3:  साउंड स्लीप – अच्छी नींद :

रोज 7-8 घंटे की पूरी नींद लें। कम नींद से दिल पर दबाव बढ़ता है और शरीर को आवश्यक आराम नहीं मिल पाता।

S-4:  स्ट्रेस कंट्रोल – तनाव पर नियंत्रण :

खुश रहें, सकारात्मक सोच रखें। योग, ध्यान और समय प्रबंधन से तनाव कम करें। पढ़ाई, करियर या निजी जीवन का अनियंत्रित तनाव धीरे-धीरे हृदय की सहनशक्ति को कमजोर कर सकता है।

S-5:  स्टॉप एडिक्शन – नशा बंद :

सिगरेट, तंबाकू, गुटखा और शराब दिल के लिए सबसे खतरनाक हैं। इन्हें तुरंत छोड़ें। इन आदतों को छोड़ने से धमनियों को होने वाले नुकसान और दिल पर पड़ने वाले अचानक दबाव के बड़े कारण खत्म होते हैं।

S-6:  स्क्रीनिंग एंड चेक-अप – समय पर जांच :

साल में एक बार बीपी, शुगर, कोलेस्ट्रॉल और दिल की जांच जरूर कराएं। समय पर जांच से छिपे हुए जोखिम कारकों की शुरुआती पहचान संभव होती है और गंभीर स्थिति से बचाव हो सकता है।

उन्होंने बताया कि इस प्रकार इन छह बातों का ध्यान रखकर युवा इस जोखिम को क​म कर सकते हैं। डॉ शर्मा ने कहा कि स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि युवा अक्सर शुरुआती संकेतों को नजरअंदाज कर देते हैं या यह मान बैठते हैं कि कम उम्र उन्हें हृदय रोग से पूरी तरह सुरक्षित रखती है। जबकि भोजन छोड़ना, देर से सोना, नशीले पदार्थों का सहारा लेना और नियमित जांच न कराना जैसी छोटी-छोटी आदतें लक्षण दिखने से पहले ही जोखिम बढ़ा सकती हैं। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी के लिए संदेश स्पष्ट है कि दिल की सुरक्षा के लिए रातोंरात बड़े बदलावों की नहीं, बल्कि निरंतर संकल्प की जरूरत है। आज से 6-S फॉर्मूला अपनाकर युवा हार्ट अटैक से बच सकते हैं और अपने जीवन को स्वस्थ व सुरक्षित बना सकते हैं।