Saturday , November 28 2026

ट्यूमर पर और अधिक सटीकता से रेडियेशन देती है MR-LINAC तकनीक

-केएसएसएससीआई में अंतर्राष्ट्रीय व्याख्यान शृंखला के तहत डॉ इंद्रा जे दास ने दी जानकारी

सेहत टाइम्स

लखनऊ। कल्याण सिंह अति विशिष्ट कैंसर संस्थान, लखनऊ के रेडिएशन ऑन्कोलॉजी विभाग द्वारा आज अंतरराष्ट्रीय व्याख्यान शृंखला (International Lecture Series) के अंतर्गत MR-LINAC तकनीक पर एक विशेष अंतरराष्ट्रीय व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ख्यातिप्राप्त रेडिएशन ऑन्कोलॉजी फिजिसिस्ट डॉ. इंद्रा जे. दास (Dr. Indra J. Das) ने “Introduction and Role of MR-LINAC in Advanced Adaptive Radiation Therapy” विषय पर व्याख्यान दिया।

MRI और रेडिएशन थेरेपी का संयोजन

अपने व्याख्यान में डॉ. दास ने MR-LINAC तकनीक की कार्यप्रणाली, आधुनिक कैंसर उपचार में इसकी भूमिका तथा उन्नत अनुकूलनशील विकिरण चिकित्सा (Advanced Adaptive Radiation Therapy) में इसकी उपयोगिता पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि MR-LINAC एक अत्याधुनिक तकनीक है, जिसमें मैग्नेटिक रेजोनेंस इमेजिंग (MRI) और रेडिएशन थेरेपी का संयोजन किया गया है। यह तकनीक उपचार के दौरान ट्यूमर एवं उसके आसपास स्थित सामान्य अंगों की स्थिति की निरंतर निगरानी करते हुए अधिक सटीकता के साथ विकिरण देने में सहायक होती है। इससे उपचार को मरीज की बदलती शारीरिक स्थिति के अनुसार अनुकूलित करने में मदद मिलती है।

आधुनिक कैंसर चिकित्सा में विशेष महत्व

इस अवसर पर डॉ. इंद्रा जे. दास ने अपनी लिखी हुई दो पुस्तकें संस्थान को भेंट कीं। यह संस्थान के लिए एक महत्वपूर्ण शैक्षणिक योगदान रहा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संस्थान के निदेशक प्रो. एम.एल.बी. भट्ट ने कहा कि आधुनिक कैंसर चिकित्सा में नवीनतम तकनीकों एवं वैज्ञानिक अनुसंधान का विशेष महत्व है। इस प्रकार के अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक कार्यक्रम चिकित्सकों एवं तकनीकी विशेषज्ञों को वैश्विक स्तर पर हो रहे नवीनतम विकास से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।

कार्यक्रम में संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (SGPGIMS) के रेडिएशन ऑन्कोलॉजी विभागाध्यक्ष प्रो. शालीन कुमार तथा डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान (RMLIMS) के रेडिएशन ऑन्कोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. राजीव गुप्ता भी उपस्थित रहे।

150 से अधिक प्रतिभागी

इस शैक्षणिक कार्यक्रम में किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (KGMU), डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान (RMLIMS), संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (SGPGIMS) सहित लखनऊ के अन्य प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थानों एवं निजी कॉरपोरेट अस्पतालों से आए 150 से अधिक रेडिएशन ऑन्कोलॉजिस्ट, मेडिकल फिजिसिस्ट, रेडियोथेरेपी एवं रेडियोलॉजी तकनीशियनों तथा नर्सिंग अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम का संचालन प्रो. डॉ. प्रमोद कुमार गुप्ता, डीन एवं प्रोफेसर, रेडिएशन ऑन्कोलॉजी विभाग द्वारा किया गया।
इस कार्यक्रम का आयोजन संस्थान के निदेशक प्रो. एम.एल.बी. भट्ट जी के मार्गदर्शन में तथा रेडिएशन ऑन्कोलॉजी विभागाध्यक्ष प्रो. शरद सिंह के सहयोग से किया गया। आयोजन में प्रो. डॉ. प्रमोद कुमार गुप्ता तथा मेडिकल फिजिसिस्ट एवं रेडियोलॉजिकल सेफ्टी ऑफिसर रगुल टी. की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

इस अवसर पर संस्थान के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (CMS) प्रो. विजेंद्र कुमार, चिकित्सा अधीक्षक (MS) डॉ. वरुण विजय, कार्यकारी रजिस्ट्रार (ER) डॉ. आयुष लोहिया सहित संस्थान के अन्य संकाय सदस्य, रेडिएशन ऑन्कोलॉजी विभाग के रेजिडेंट चिकित्सक, तकनीशियन एवं नर्सिंग स्टाफ उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित विशेषज्ञों एवं प्रतिभागियों ने आधुनिक विकिरण चिकित्सा की नवीनतम तकनीकों पर विचार-विमर्श किया तथा अपने अनुभवों एवं जिज्ञासाओं को साझा किया।