Wednesday , September 2 2026

आसमानी बारिश के बीच डिप्टी सीएम की घोषणा की बारिश से खिले आंदोलनरत बॉन्डेड चिकित्सकों के चेहरे

-बॉन्डेड चिकित्सकों के वेतन में होगी समानता, गुरुवार तक जारी होगा शासनादेश

-मांगों को लेकर शांतिपूर्ण मार्च के लिए अटल चौक पर एकत्रित हुए थे बॉन्डेड चिकित्सक

सेहत टाइम्स

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग में कार्यरत बॉन्डेड डॉक्टर्स का वेतन एकसमान होगा। वेतन संबंधी मांगों को लेकर आंदोलनरत बॉन्डेड चिकित्सकों से मिलने उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक बुधवार को हजरतगंज स्थित अटल चौक पहुंचे। बारिश के बीच धरना स्थल पर पहुंचे उप मुख्यमंत्री ने चिकित्सकों से भेंट कर उनकी समस्याओं और मांगों को आत्मीयता से सुना एवं समान वेतनमान लागू करने के लिए आश्वस्त किया। आसमानी बारिश के बीच आश्वासन की इस बारिश से वहां मौजूद आंदोलनरत चिकित्सकों के चेहरे खिल उठे।

बॉन्डेड डॉक्टर्स द्वारा वेतन में असमानता और वेतन विसंगति का मुद्दा उठाए जाने पर उप मुख्यमंत्री ने समान वेतनमान लागू करने की घोषणा की। उन्होंने चिकित्सकों को आश्वस्त किया कि उनकी मांग के संबंध में कल तक शासनादेश जारी कर दिया जाएगा। डिप्टी सीएम ने इस संबंध में मौके से ही संबंधित अधिकारियों को फोन कर आवश्यक निर्देश दिए।

डिप्टी सीएम के इस कथन से बॉन्डेड चिकित्सकों के चेहरे खिल गए। इस दौरान ब्रजेश पाठक ने कहा कि “आप सभी मेरे परिवार का हिस्सा हैं। आपका सम्मान, अधिकार और हित हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी के साथ अन्याय नहीं होने देंगे। हर परिस्थिति में प्रदेश सरकार और व्यक्तिगत रूप से मैं आपके साथ मजबूती से खड़ा हूं।” उप मुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद बॉन्डेड डॉक्टर्स ने अपनी मांगों के समाधान की दिशा में उनकी पहल का स्वागत किया।

यह है शिकायत

ज्ञात हो इन चिकित्सकों की शिकायत है कि जनरल मेडिकल कॉलेज GMC में आवंटित डॉक्टरों को ₹5,400 ग्रेड पे / समकक्ष लेवल-10 वेतनमान, साथ में DA, HRA, NPA एवं अन्य लागू भत्ते प्राप्त होते हैं, जिससे उनका मासिक पारिश्रमिक लगभग ₹1.10 लाख या अधिक है। इसी तरह CHC/PHC में कार्यरत NHM मेडिकल ऑफिसरों को लगभग ₹1 लाख मासिक पारिश्रमिक प्राप्त होता है। इसके विपरीत, CHC/PHC में मेडिकल ऑफिसर के रूप में कार्यरत बॉन्डेड डॉक्टरों को ₹50,000–₹65,000 का निश्चित पारिश्रमिक दिया जाता है और संबंधित भत्ते नहीं दिए जाते। डॉक्टरों का कहना है कि जिन बॉन्डेड चिकित्सकों की तैनाती मेडिकल कॉलेजों में है उनका मासिक वेतन एक लाख दस हजार से ज्यादा और जिन बॉन्डेड चिकित्सकों की तैनाती सीएचसी-पीएचसी में है, उनका 50 से 65 हजार रुपये मासिक वेतन है।