-सरस्वती पुरम पीजीआई में उत्साह के साथ बच्चों ने बांधी पेड़ों को राखी
-जिन बच्चों के साथ शुरू किया था अभियान, आज वे कर रहे नौकरी की तैयारी
-लखनऊ से निकलकर दूसरे जिलों में भी पहुंच चुका है अभियान : डॉ पीके गुप्ता

सेहत टाइम्स
लखनऊ। बच्चों में पर्यावरण रक्षा एक संस्कार के रूप में विकसित करने के लिए वर्षों पूर्व शुरू किया गया पेड़ों को राखी बांधो अभियान इस साल भी चलाया गया। बच्चों में पर्यावरण का महत्व और इसके प्रति संवेदनशीलता का भाव लाने के लिए इस अभियान को शुरू करने वाले अभियान के संयोजक आईएमए लखनऊ के पूर्व अध्यक्ष डॉ पीके गुप्ता की देखरेख में 25 अगस्त को बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ पेड़ों को पर्यावरण राखी बांधी।
डॉ गुप्ता ने बताया कि सामाजिक सरोकार मंच एवं प्रकृति भारती के बैनर तले आयोजित इस कार्यक्रम में सायंकाल 5 बजे बिहारी पार्क सरस्वती पुरम पीजीआई में बच्चों द्वारा पेड़ों को पर्यावरण राखी बांधी गई। बच्चों ने पेड़ लगाओ राखी बांधो रक्षा का संकल्प करो का नारा लगाते हुए राखी बांधो अभियान मे भाग लिया। इस अवसर पर पार्क मे राखी बांधो आंदोलन का गीत बजाया गया। डॉ गुप्ता ने बताया कि रक्षा बंधन के त्यौहार को पर्यावरण रक्षा के साथ जोड़ने के लिए यह कार्यक्रम विगत कई वर्षों से आयोजित हो रहा है।

डॉ गुप्ता ने बताया कि अच्छा लगता है कि जिन छोटे-छोटे बच्चों के साथ इस अभियान की शुरुआत हुई थी, वे अब बड़े हो चुके हैं और इंजीनियरिंग आदि की पढ़ाई करते हुए नौकरी की तैयारी कर रहे हैं, उन्होंने कहा कि आज भी पर्यावरण के प्रति उन बच्चों का प्रेम देखकर दिल खुश हो जाता है, जिससे इस मुहिम को दोगुने उत्साह से करने की शक्ति मिलती है।
उन्नाव में 100 सरकारी परिषदीय विद्यालयों में आयोजित हुआ कार्यक्रम
उन्होंने बताया कि अब तो यह आयोजन प्रदेश के कई स्थानों पर किया जाता है जनपद उन्नाव में लगभग 100 सरकारी परिषदीय विद्यालयों में कल यह आयोजन किया गया। डॉ गुप्ता ने बताया कि शुरू के 12 वर्षों तक बच्चों मे जो भी संस्कार दिए जाते हैं, वो जीवन पर्यन्त रहते हैं इसीलिए इस आयोजन के केंद्र मे बच्चों क़ो रखा गया है, ऐसे कार्यक्रमों से बच्चों मे पर्यावरण रक्षा एक संस्कार के रूप मे आ जाता है।

Sehat Times | सेहत टाइम्स Health news and updates | Sehat Times