Sunday , May 3 2026

एसजीपीजीआई में कर्मचारियों ने स्टाफ पार्किंग की समस्या को लेकर दिया धरना

-संकाय सदस्यों और अधिकारियों-कर्मचारियों के बीच भेदभाव पर जतायी नाराजगी

सेहत टाइम्स

लखनऊ। संजय गांधी पीजीआई में स्टाफ पार्किंग की समस्या को लेकर 2 मई को नर्सिंग यूनियन व अन्य कर्मचारियों ने धरना दिया। EMRTC बिल्डिंग की पार्किंग में दिये गये धरने में नर्सिंग यूनियन अध्यक्ष लता सचान ने कहा कि प्रशासन को कई माह पूर्व इस समस्या से अवगत कराया जा चुका था, प्रशासन के साथ बैठकें भी हुईं, लेकिन समस्या का कोई समाधान नहीं निकला है।

यह जानकारी संजय गांधी कर्मचारी महासंघ के पूर्व अध्यक्ष सतीश कुमार मिश्रा ने देते हुए बताया कि धरने के दौरान मौके पर पहुंचे मुख्य चिकित्सा अधीक्षक इस विषय पर आश्वासन दिया है। सतीश कुमार मिश्रा ने कहा कि समस्त पीजीआई के कर्मचारी पार्किंग व्यवस्था चाहते हैं, उन्होंने कहा कि संकाय सदस्यों के लिए पार्किंग आरक्षित हो रही है, लेकिन वही संस्थान के कर्मचारियों और अधिकारियों के लिए पार्किंग की कोई व्यवस्था सुनिश्चित नहीं की गयी है।

धरने पर नर्सिंग यूनियन अध्यक्ष लता सचान, महामंत्री विवेक शर्मा, पूर्व अध्यक्ष संजय गांधी पीजीआई कर्मचारी महासंघ सतीश कुमार मिश्रा, सुजान सिंह, मनोज वर्मा, राजकुमार, सुनील रूप सहित बहुत से कर्मचारी नेता और कर्मचारी बैठे। सतीश कुमार मिश्रा ने कहा कि कर्मचारी और चिकित्सकों के बीच भेदभाव की निंदा करता हूं और इस तरह की और असमानता भेदभाव संस्थान में नहीं चलेगा। संस्थान की सभी बिल्डिंग में संकाय सदस्यों ने अपनी पार्किंग आरक्षित करवा ली है, जबकि निदेशक ने ऐसा कोई आदेश नहीं दिया था।