Friday , April 24 2026

रोग के निदान की दिशा में केएसएसएससीआई और आईआईटीआर के बीच एमओयू पर हस्ताक्षर

दोनों संस्थानों के निदेशकों ने किये समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर

सेहत टाइम्स

लखनऊ. कल्याण सिंह अति विशिष्ट कैंसर संस्थान एवं भारतीय विषविज्ञान अनुसंधान संस्थान, लखनऊ के मध्य एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर एवं आदान-प्रदान किया गया। कैंसर संस्था की ओर से निदेशक प्रो. मदन लाल ब्रह्म तथा आईआईटीआर की ओर से निदेशक डॉ. भास्कर नारायण ने समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किये .यह समझौता विषविज्ञान (Toxicology) के क्षेत्र में अनुसंधान एवं इसके मानव स्वास्थ्य तथा पर्यावरण पर प्रभावों के अध्ययन को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

यह सहयोग औद्योगिक, कृषि एवं पर्यावरणीय कारकों से उत्पन्न चुनौतियों का समाधान करते हुए विषविज्ञान अनुसंधान में अग्रणी भूमिका स्थापित करने के उद्देश्य से किया गया है। दोनों संस्थान वैज्ञानिक ज्ञान के विकास, नवाचार को बढ़ावा देने तथा सतत स्वास्थ्य पद्धतियों को प्रोत्साहित करने के लिए संयुक्त रूप से कार्य करेंगे। साथ ही, औद्योगिक एवं पर्यावरणीय रसायनों से उत्पन्न विभिन्न रोगों के लिए सरल एवं त्वरित निदान परीक्षण विकसित करने तथा उनके मानवों में उपयोग पर भी कार्य किया जाएगा।