-डॉ. राम मनोहर लोहिया संस्थान 5-6-7 फरवरी को आयोजित कर रहा सम्मेलन

सेहत टाइम्स
लखनऊ। सोसाइटी फॉर प्रमोशन ऑफ फिजिकल एक्टिविटी एंड हेल्थ (SPPAH) के तत्वावधान में राष्ट्रीय सम्मेलन SPPAHCON-2026 का आयोजन डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान, लखनऊ में किया जा रहा है।
इस संबंध में जानकारी साझा करते हुए आयोजन सचिव डॉ. सुमीत दीक्षित ने बताया कि सम्मेलन से पूर्व 5 फरवरी को पाँच प्री-कॉन्फ्रेंस कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा, जबकि मुख्य राष्ट्रीय सम्मेलन 6 एवं 7 फरवरी को संपन्न होगा। यह सम्मेलन RMLIMS लखनऊ के कम्युनिटी मेडिसिन विभाग एवं कार्डियोलॉजी विभाग द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित किया जा रहा है।
आयोजन सह-अध्यक्ष डॉ. भुवन चंद्र तिवारी ने जानकारी देते हुए कहा कि RMLIMS लखनऊ जैसे प्रतिष्ठित संस्थान में आयोजित यह राष्ट्रीय सम्मेलन स्वास्थ्य संवर्धन के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान करेगा।
उन्होंने कहा कि यह सम्मेलन चिकित्सकों, शिक्षाविदों, शोधकर्ताओं एवं नीति-निर्माताओं को एक साथ लाकर स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली को बढ़ावा देने की दिशा में ठोस रणनीतियाँ विकसित करने में सहायक सिद्ध होगा।
डॉ. दीक्षित ने आगे यह भी बताया कि इस राष्ट्रीय सम्मेलन में देश के विभिन्न राज्यों से लगभग 200 प्रतिनिधियों के भाग लेने की संभावना है। सम्मेलन के दौरान राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के ख्यातिप्राप्त विशेषज्ञों द्वारा प्लेनरी सत्र, विशेष पैनल चर्चाएँ, तथा अन्य शैक्षणिक सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें शारीरिक गतिविधि को बढ़ावा देने, गैर-संचारी रोगों की रोकथाम, हृदय स्वास्थ्य तथा सार्वजनिक स्वास्थ्य से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत विचार-विमर्श होगा।

Sehat Times | सेहत टाइम्स Health news and updates | Sehat Times