-मांगों को लेकर ऑल इंडिया गवर्नमेंट नर्सेस फेडरेशन के आंदोलन में बढ़-चढ़ कर भाग लेगा राजकीय नर्सेस संघ उत्तर प्रदेश

सेहत टाइम्स
लखनऊ। ऑल इंडिया गवर्नमेंट नर्सेस फेडरेशन नई दिल्ली के आह्वान पर 2 फरवरी से 5 फरवरी तक राजकीय नर्सेस संघ उत्तर प्रदेश की नर्सेस काला फीता बाँधकर अपनी मांगों को पूरी कराने के लिए विरोध प्रदर्शन करेंगी। इसके बाद 6 फरवरी को नयी दिल्ली में जंतर-मंतर पर प्रदर्शन किया जायेगा।
यह जानकारी देते हुए राजकीय नर्सेज संघ उत्तर प्रदेश के महामंत्री अशोक कुमार ने कहा कि GNM, B.Sc, M.Sc नर्सिंग स्टाफ, PHN, नर्सिंग ट्यूटर, सीनियर/जूनियर नर्सेस, संविदा एवं नियमित नर्सिंग कर्मी, नर्सिंग छात्र-छात्राएं
नर्सिंग पेशा केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि मानवता की सेवा का सबसे मजबूत स्तंभ है। हम दिन-रात कठिन परिस्थितियों में मरीजों की सेवा करते हैं, फिर भी आज हमारा पेशा उपेक्षा, अन्याय, स्टाफ की भारी कमी, आउटसोर्सिंग, संविदा शोषण और सम्मान की कमी से जूझ रहा है।
उन्होंने कहा कि इन गंभीर समस्याओं को लेकर वर्षों से ज्ञापन, वार्ता और शांतिपूर्ण संवाद होते रहे हैं, लेकिन अधिकांश मुद्दे आज भी लंबित हैं। अब स्थिति ऐसी बन चुकी है कि नर्सिंग पेशे का भविष्य ही खतरे में दिखाई दे रहा है। इसी को ध्यान में रखते हुए ऑल इंडिया गवर्नमेंट नर्सेस फेडरेशन (AIGNF) के आह्वान पर शांतिपूर्ण ढंग से राष्ट्रीय स्तर का आंदोलन किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि हमारी प्रमुख मांगों में 8वें वेतन आयोग में नर्सिंग से जुड़ी न्यायसंगत सिफारिशें, नर्सिंग कैडर की मूल संरचना की पुनः बहाली, आउटसोर्सिंग एवं संविदा प्रथा पर रोक, सुरक्षित नर्स-रोगी अनुपात एवं स्टाफ की भर्ती, समान कार्य – समान वेतन, पदोन्नति, करियर ग्रोथ एवं लंबित भत्तों का भुगतान किये जाने तथा नर्सिंग पेशे में अनावश्यक हस्तक्षेप समाप्त किया जाने की मांग शामिल है। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन किसी एक राज्य या संगठन का नहीं, बल्कि देश की हर नर्स की आवाज़ है। यदि हम आज चुप रहे, तो कल हमारी समस्याएं और बढ़ेंगी। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण है और मरीजों की देखभाल प्रभावित न हो, इसका पूरा ध्यान रखा जाएगा।
अशोक कुमार ने नर्सों का आह्वान करते हुए कहा कि आइये हम संकल्प लें कि 1. डर और संकोच छोड़ेंगे 2. आपसी मतभेदों से ऊपर उठेंगे 3.कंधे से कंधा मिलाकर एकजुट होंगे। उन्होंने कहा कि एकता ही हमारी शक्ति है और सम्मान और अधिकार हमारा हक है। उन्होंने आह्वान किया कि 6 फरवरी को जंतर-मंतर पर पहुंचें तथा 2 से 5 फरवरी तक काली पट्टी पहनकर समर्थन दर्ज कराएं।

Sehat Times | सेहत टाइम्स Health news and updates | Sehat Times