-उप राष्ट्रपति, राज्यपाल, मुख्यमंत्री व केंद्रीय मंत्री ने वाराणसी में मनायी देव दीवाली, नमो घाट का लोकार्पण


सेहत टाइम्स
लखनऊ। दीपावली के 15 दिन बाद कार्तिक पूर्णिमा को मनायी जाने वाली देव दीपावली पर आज अविनाशी काशी के 84 घाटों के साथ ही करीब 700 मठों-मंदिरों में 25 लाख दीये जलाये गये। दीपों की रोशनी में शुरू हुई आतिशबाजी ने वहां के नजारे को अद्भुत बना दिया। इससे पूर्व आज उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने नमो घाट का लोकार्पण भी किया। उपराष्ट्रपति ने नमो घाट पर पहला दीप जलाकर दीप जलाने की शुरुआत की। दीप जलते ही यहां आतिशबाजी भी शुरू गयी


आज यहां करीब एक लाख लोगों ने मां गंगा की आरती की। देव दीपावली मनाने के लिए आज काशी में पर्यटकों का भी सैलाब उमड़ा। इस भव्य आयोजन में लेजर लाइट के मनमोहक दृश्यों ने भी लोगों को मोहित किया। नमो घाट के लोकार्पण के मौके पर उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ ही केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी भी मौजूद रहे। इन सभी ने दीप जलाकर भगवान भोलेनाथ की नगरी काशी में देव दीपावली मनायी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में आज काशी की देव दीपावली वैश्विक क्षितिज पर अपनी आभा बिखेर रही है।
इस मौके पर यहां के चेत सिंह घाट पर गंगा नदी की उत्पत्ति और उसके महत्व को प्रदर्शित करने वाला एक लेजर और ध्वनि शो भी आयोजित किया गया। इस उत्सव को देखने के लिए कई लोग एकत्र हुए और आतिशबाजी के दौरान ‘हर-हर महादेव’ का नारा लगाया। आतिशबाजी के दौरान लोगों ने नाव की सवारी का भी आनंद लिया।

Sehat Times | सेहत टाइम्स Health news and updates | Sehat Times